शीन क़ाफ निज़ाम की नज़्म- पुराने मंदिर में शाम

शीन क़ाफ निज़ाम का जन्म 26नवंबर 1945 को जोधपुर राजस्थान में हुआ। वह कविताएं और आलोचना दोनों में समान रूप से लेखन करते हैं। उन्होंने करीब एक दर्जन किताबें लिखीं और संपादित की हैं। उन्हें पद्मश्री समेत तमाम पुरस्कार मिले हैं। उनके जन्मदिन पर प्रतिबिम्ब के पाठकों के लिए प्रस्तुत है उनकी एक नज्म और दोहे। संपादक

नज़्म

पुराने मंदिर में शाम

शीन काफ़ निज़ाम

 

अब तो वहाँ
निशान है

जहाँ
कभी देवता कि मूर्ती रही होंगी

शिकस्ता शहतीर में
फँसा

बचा
ज़ंजीर का हल्क़ा

जिस में
शायद कभी घंटी लटकती हो

सहन में राख है
किसी ने अलाव जलाया होगा

रौशनी और गर्मी के लिए
दरकती दहलीज़ पर

रेवड़ से बिछड़ी
भेड़

पुराने सज्दे चुनती है
पीले पाए दानों पर

नुक़ूश-ए-पा उभरते हैं


शीन क़ाफ निज़ाम के दोहे

 

याद आई परदेस में उस की इक इक बात
घर का दिन ही दिन मियाँ घर की रात ही रात

हम ‘कबीर’ इस काल के खड़े हैं ख़ाली हाथ
संग किसी के हम नहीं और हम सब के साथ

मन रफ़्तार से भागता जाता है किस ओर
पलक झपकते शाम है पलक झपकते भोर

मन में धरती सी ललक आँखों में आकाश
याद के आँगन में रहा चेहरे का प्रकाश

———–

Comments

Your email address will not be published.

0