जसवीर त्यागी की दो कविताएं
बचाना
÷÷÷÷
गुमशुम पत्नी से
मैंने उदासी का कारण पूछा
वह बोली-
करीपत्ता का पौधा सूख गया है
जब लगाया था
तब हरा-भरा था
पता नहीं
अब क्या हुआ?
मैं बोला-
तो इसमें दुःख की क्या बात है?
दूसरा पौधा ले आयेंगे
उसने कहा-
बात दूसरा नया पौधा लाने की नहीं है
बात तो लाये हुए को बचाने की है।
●
अनन्यता
÷÷÷÷÷÷
जीवन के रंगमंच से
जो अभिनेता जा चुके नेपथ्य में
और भविष्य के किसी अंक में
जिनकी उपस्थिति की
कोई संभावना शेष नहीं
देर-सबेर
अचानक उनकी याद
मन-मस्तिष्क में बिजली की तरह कौंधती है
ऐसा नहीं है
कि उनसे बेहतर दुनिया में कोई और न था
कभी-कभी हम किसी को
विलक्षणता और विशिष्टता के लिए नहीं
बल्कि आत्मीयता और अनन्यता के लिए
स्मृतियों में बचाकर रखते हैं।
■
