मन्नू भंडारी की पुण्यतिथि (15 नवंबर) पर रत्ना भदौरिया की श्रद्धांजलि
मां, आपको कैसे भूल सकती हूं…
रत्ना भदौरिया
मां, आपको कैसे भूल सकती हूं… मन्नू भंडारी जिन्हें मैंने साहित्यकार से ज्यादा उनके व्यक्तित्व,उनकी आत्मीयता, उनके साधारण होने से जाना । कई बार स्ट्रोक होने के बावजूद कभी नहीं सुनी उनके मुंह से कराहने की आवाज। मैं आश्चर्यचकित रह जाती भला इतना साहस कैसे?

15 नवंबर मेरे लिए महज एक तारीख नहीं है। यह मेरे जीवन का वह दिन है, जिसे मैं चाहकर भी कभी भूल नहीं सकती। आज ही के दिन, वर्ष 2021 में, ठीक दोपहर बारह बजे मन्नू भंडारी ने मेरी आंखों के सामने अपनी अंतिम सांस ली थी। उस क्षण को याद करना आज भी भीतर तक उदास कर जाता है।
मन्नू भंडारी और मेरा रिश्ता कभी नर्स और मरीज का नहीं रहा, न ही केवल एक साहित्यकार और किसी दूसरे व्यक्ति का। हमने एक-दूसरे को हमेशा मां और बेटी के रूप में जाना। यह रिश्ता किसी परिचय या संबोधन से नहीं, बल्कि उस आत्मीयता से बना था, जिसमें उम्र, पद और पहचान सब पीछे छूट जाते हैं।
उनकी एक इच्छा अधूरी रह गई। वे कभी अस्पताल में अपनी अंतिम सांस नहीं लेना चाहती थीं। उनकी चाह थी कि जीवन की अंतिम विदाई अपने घर में हो, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। जीवन से जुड़ी एक प्रचलित धारणा को भी उन्होंने अपने जीवन से जैसे तोड़ दिया। कहा जाता है कि बेटी के घर मृत्यु नहीं होनी चाहिए, लेकिन जीवन के अंतिम दिनों में वे बेटी के ही घर रहीं। मेरे लिए यह बात किसी सामाजिक धारणा से अधिक हमारे रिश्ते की आत्मीयता और उनके मुझ पर विश्वास का हिस्सा है।
मेरी साहित्यिक दुनिया की शुरुआत उन्हीं से हुई। मैं इसे उनके प्यार, आशीर्वाद और जीवन से मिले एक अनमोल उपहार की तरह देखती हूं। लेकिन सच कहूं तो मैं उन्हें उनके साहित्य से कहीं अधिक एक बेटी के रूप में याद करती हूं। मेरे लिए वे सिर्फ हिंदी साहित्य की महत्वपूर्ण रचनाकार नहीं थीं, वे मेरी मां थीं। उन्होंने मुझे कभी रत्ना नहीं कहा, उनके लिए मैं हमेशा गुड़िया या बिटिया रही और मैंने उन्हें हमेशा मां कहकर पुकारा। शायद कुछ रिश्तों की सबसे सुंदर बात यही होती है कि उन्हें किसी दूसरे परिचय की जरूरत नहीं पड़ती।
उनकी कुछ छोटी-छोटी आदतें आज भी मन में जस की तस बसी हैं। कोई भी उनसे मिलने आता, तो उसके भीतर प्रवेश करते ही वे सबसे पहले मेरा परिचय करातीं। खाने की कोई भी चीज मेरे बिना नहीं खाती थीं। इन बातों को याद करती हूं तो लगता है कि प्रेम हमेशा बड़ी घोषणाओं में नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में शामिल उन छोटी-छोटी प्रतीक्षाओं और परवाह में छिपा होता है। उनके जाने के बाद इन्हीं छोटी बातों का खालीपन सबसे अधिक महसूस होता है।
वे शरीर से हमसे अलग हो गईं, लेकिन मेरे भीतर से कभी विदा नहीं हुईं। कुछ लोग जीवन से चले जाने के बाद स्मृति बन जाते हैं, लेकिन कुछ स्मृतियां जीवन का हिस्सा बनकर हमेशा साथ चलती हैं। मन्नू भंडारी मेरे लिए उन्हीं में से एक हैं। उनका स्नेह, उनका संबोधन, उनकी आदतें और मेरे प्रति उनका अपनापन मेरे जीवन की ऐसी धरोहर हैं, जिन्हें समय भी मुझसे अलग नहीं कर सकता।
आज उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए मेरे पास कहने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन मन बार-बार उसी संबोधन पर आकर ठहर जाता है—मां!
मां, आपको इस लड़की का एक बार फिर सादर प्रणाम। आप हमेशा याद आती हैं और हमेशा याद आती रहेंगी। आपके जाने से जो खालीपन बना, उसे कोई भर नहीं सकता।
आपकी गुड़िया, आपकी बिटिया।जिसको आपने साहित्य का क, ख,ग सिखाया वो आगे भी सीखने की कोशिश करती रहेगी ।
