- राहुल ने फिर पीएम के मणिपुर न आने पर उठाए सवाल
- कहा, आंसू पोछने नहीं आए नरेंद्र मोदी- ये शर्म की बात
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिखाई हरी झंडी
- खड़गे बोले, मोदी जी के मुंह में राम और बगल में छुरी है
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी रविवार से मणिपुर के थौबल से शुरू हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई।
यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- मणिपुर में भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे और अब तक प्रधानमंत्री मणिपुर नरेंद्र मोदी आपके आंसू पोछने, गले मिलने नहीं आए। ये शर्म की बात है।
कांग्नेस सांसद ने कहा कि हम आपकी सुनने आए हैं, मन की बात सुनाने नहीं। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- मोदी जी समंदर में सैर करने जाते हैं, राम-राम जपते हैं लेकिन मणिपुर नहीं आते। उनके मुंह में राम और बगल में छुरी है।
राहुल के साथ अशोक गहलोत, सचिन पायलट, दिग्विजय सिंह, सलमान खुर्शीद, आनंद शर्मा और राजीव शुक्ला जैसे कई सीनियर नेता मणिपुर पहुंचे। भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों के 110 जिलों को कवर करेगी। इसमें राहुल 6700 किमी का सफर तय करेंगे। यात्रा 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।
चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा। इसलिए पैदल के साथ-साथ बस यात्रा का फैसला किया। सवाल उठा कि यात्रा कहां से शुरू करें, किसी ने कहा वेस्ट से करो, किसी ने ईस्ट बताया। मैंने साफ कहा- अगली भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ मणिपुर से शुरू हो सकती है। मणिपुर में बीजेपी की नफरत की राजनीति है।
2004 से मैं राजनीति में हूं, पहली बार मैं हिंदुस्तान के एक प्रदेश में गया। जहां गर्वनेंस का पूरा स्ट्रक्चर बिगड़ गया। 29 जून के बाद से मणिपुर बदल गया। कोने-कोने में नफरत फैली। लाखों लोगों को नुकसान हुआ। भाई-बहन माता-पिता आंखों के सामने मरे और आज तक हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोछने, गले मिलने नहीं आए। ये शर्म की बात है।
राहुल 6 हजार किमी से ज्यादा का सफर करेंगे
20 मार्च को खत्म होने वाली यात्रा 15 राज्य और 110 जिलों के 337 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बस से और पैदल 6 हजार 713 किलोमीटर से ज्यादा का सफर करेंगे। यह मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में खत्म होगी।
यात्रा की मंजूरी पर राजनीति
कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू होने से पहले ही परमिशन को लेकर चर्चा में रही। पार्टी इसकी शुरुआत मणिपुर की राजधानी इंफाल से करने वाली थी। इसके लिए उसने 2 जनवरी को राज्य सरकार से हप्ता कांगजेइबुंग मैदान से यात्रा शुरू करने की परमिशन मांगी थी।
कानून-व्यवस्था का हवाला देकर पहले इससे इनकार कर दिया गया। हालांकि, 10 जनवरी को कुछ शर्तों के साथ इसकी अनुमति मिली। सरकार ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर 1 हजार से ज्यादा लोगों को अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके बाद कांग्रेस के मणिपुर अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने कहा कि शर्तें हमारे लिए चिंताजनक थीं। इसके बाद हमने जगह बदलकर थौबल करने का फैसला लिया। थौबल प्रशासन ने कांग्रेस के सामने शर्त रखी कि यह कार्यक्रम 1 घंटे में खत्म हो जाना चाहिए और 3 हजार से ज्यादा की भीड़ न हो।
पूर्वोत्तर की 25 सीटें साधने की कोशिश
थौबल से यात्रा की शुरुआत पूर्वोत्तर राज्यों को ध्यान में रखते हुए की गई है। रणनीतिकार मानते हैं कि मणिपुर में हिंसा से लोगों का भाजपा से मोह भंग हुआ है। यही वजह है कि पूर्वोत्तर की 25 सीट के लिए राहुल गांधी 13 दिनों तक यहां रहेंगे।
दरअसल, मणिपुर में 3 मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच जारी हिंसा में अब तक 200 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। वहीं, हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। 65 हजार से ज्यादा लोग बेघर हो चुके हैं।
यूपी में सबसे ज्यादा समय देंगे
भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक दिन के लिए मणिपुर में रहेगी। इसके बाद यह नागालैंड में प्रवेश करेगी और दो दिनों में 257 KM और 5 जिलों को कवर करेगी और आठ दिनों में असम में 833 KM और 17 जिलों को कवर करेगी। इसके बाद यात्रा एक-एक दिन के लिए अरुणाचल प्रदेश और मेघालय जाएगी।
पश्चिम बंगाल में पांच दिन गुजारेंगे
रूट मैप के मुताबिक, यात्रा पश्चिम बंगाल में पांच दिनों तक चलेगी, जिसमें 523 KM और सात जिले शामिल होंगे। बिहार में चार दिन तक 425 किमी और 7 जिलों को कवर किया जाएगा। इसके बाद झारखंड में यात्रा आठ दिन में 804 KM और 13 जिलों को कवर करेगी।
ओडिशा में 341 किमी की यात्रा
ओडिशा में न्याय यात्रा चार दिन में 341 KM और चार जिलों को कवर करेगी और छत्तीसगढ़ में पांच दिन में 536 KM और सात जिलों को कवर करेगी। कांग्रेस की यह यात्रा उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 दिन का समय बिताएगी और 20 जिलों को कवर करेगी।
एमपी में 9 जिले कवर करेंगे
मध्य प्रदेश में यात्रा सात दिनों में 698 KM और 9 जिलों को कवर करेगी। यह एक दिन में राजस्थान के 2 जिलों जाएगी। राहुल की यह यात्रा गुजरात और महाराष्ट्र में पांच-पांच दिनों तक चलेगी, जो क्रमशः 445 किमी और 479 किमी की दूरी तय करेगी। इसका समापन 20 या 21 मार्च को मुंबई में होगा।