रणबीर सिंह दहिया ने 10 साल पहले भारतीय लोकतंत्र के परिप्रेक्ष्य में यह लेख लिखा था। जब हम ‘हकीकत के आईने में भारतीय लोकतंत्र’ को पढ़ते हैं तो वर्तमान हालात और भी बदतर नजर आ रहा है। स्थितियां सुधरने की बजाय बिगड़ी हैं। भले ही गला फाड़कर आर्थिक मोर्चे पर सफलता का प्रचार किया जा रहा है लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कह रही है। जिस देश की आधी आबादी (84 करोड़ ) लोग सरकार के पांच किलो राशन के भरोसे गुजारा करने पर विवश हों वहां देश के बेहतर होने की बात कैसे मान ली जाए। यह जरूर है कि पिछले सालों में अरबपतियों की संख्या लगातार बढ़ रही है उसी तरह पूंजीपतियों के देश छोड़कर विदेश में बसने की संख्या भी बढ़ती जा रही है। लेकिन सरकार इस तरफ से आंख मूदे हुए है और येन-केन प्रकारेण देश की समृद्धि की घोषणा करने और शासक गण अपनी प्रशंसा करवाने में जुटे हुए हैं। दहिया जी का लेख पढ़कर वर्तमान हालात से इसकी तुलना कीजिए तो खुद पता चल जाएगा कि पिछले दस साल में हम कहां से कहां पहुच गए हैं। संपादक
हकीकत के आईने में भारतीय लोकतंत्र
रणबीर सिंह दहिया
दुनिया वाकिफ है क़ि सदियों तक भारत ,राजतन्त्र और फिर ब्रिटिश तंत्र की क्रूरताओं को झेलते हुए सहस्रों कुर्बानियां एवं शहादतें देने के बाद एक लोकतंत्रात्मक गण राज्य बना। हमारा संविधान 26 नवम्बर ,1949 को संविधान सभा द्वारा पारित और 26 जनवरी ,1950 को देश में लागू हुआ । तब से हर वर्ष यह दिन गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है ।
संविधान के उद्देश्यों को प्रकट करने के लिए प्रायः उनसे पहले एक प्रस्तावना प्रस्तुत की जाती है । हमारे देश के संविधान की प्रस्तावना विश्व में सर्वश्रेष्ठ मानी जाती है , क्योंकि इसके जरिये भारतीय संविधान का सार ,अपेक्षाएं , उद्देश्य ,लक्ष्य और दर्शन दिग्गदर्शित होते हैं ।
भारतीय संविधान की प्रस्तावना यह घोषणा करती है कि ” हम भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्वसम्पन्न ,समाजवादी , आर्थिक और राजनीतिक न्याय , विचार , अभिव्यक्ति , विश्वास , धर्म और उपासना की स्वतंत्रता , प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त करने के लिए तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता सुनिश्चित करने वाली बन्धुता बढ़ने के लिए दृढ संकल्प होकर अपनी इस संविधान सभा में इसे अंगीकृत अधिनियमित और आत्माप्रित करते हैं । ”
मगर वास्तविकता क्या है? भारतीय संविधान की प्रस्तावना में वर्णित बातों, कानून और प्रशासन का किस प्रकार मखौल उड़ाया जाता है ? उसे लेकर हमारे देश की विधायिका , कार्यपालिका और न्यायपालिका कितनी संवेदनशील हैं ?
भारतीय लोकतंत्र में सम्पूर्ण संसाधनों , उच्च सरकारी सेवाओं , उद्योग धंधों , कल कारखानों , बहुराष्ट्रीय कंपनियों ,जल जंगल जमीन , मीडिया , शिक्षा , तंत्र वगैरह पर आज किनका वर्चस्व कायम है ? दलितों , आदिवासियों , इनकी महिलाओं और अन्य पिछड़े वर्गों के हित में बनाई गयी योजनाओं-परियोजनाओं को किस हित में खर्च किया जा रहा है ? शिक्षा के स्वरूप और संचालन – प्रबन्धन पर किनका शिकंजा कसता जा रहा है ?
आज निजी स्कूलों , कालेजों और विश्वविद्यालयों में इतने अधिक शुल्क वसूले जाते हैं कि वंचित समाज के अभिभावकों के बेटे बेटियों को अच्छी शिक्षा हासिल कर पाना बेहद मुश्किल हो गया है । ऐसे में इनका भविष्य क्या होगा ? आज भी करोड़ों लोग पीने योग्य पानी के लिए तरस रहे हैं ! लाखों युवा आज भी रोजगार के लिए भटक रहे हैं ।
वंचितों का उत्पीड़न एवं उनकी महिलाओं के साथ बलात दुष्कर्म का जारी रहना और उनके मानवाधिकारों का हनन होना क्या देश की व्यवस्थापिका , कार्यपालिका और न्यायपालिका की मानसिकता पर प्रश्न चिन्ह नहीं लगाता है? इस तरह की अनेकों बातें, सवाल,और जवाब जरूरी हैं। इसके लिए 99 को 1 के खिलाफ एक जूट होना ही होगा वरना अलग अलग पिटते और लुटते रहेंगे ।
