गणेश शंकर विद्यार्थी के पत्र परिजनों के नाम
मां श्रीमती गोमती देवी के नाम –
पूजनीया माँ,
चरणों में प्रणाम !
मैं तुम्हें कुछ भी सुख नहीं पहुँचा सका। सदा कष्ट देता रहा। फिर कष्ट दे रहा हूँ। पिता की यह दशा है तो भी मैंने हृदय पर पत्थर धर लिया है। एक प्रकार से मैं बड़ा पापी हूँ। अम्माँ, इस बार और क्षमा करो। अगर इस बार मेरे पैर पीछे पड़ते हैं तो जिंदगी विष-तुल्य हो जाएगी। तुम्हारे पुण्य प्रताप से मैंने अब तक बहुत सहा है। तुम आशीष दो कि मेरा हृदय अटल बना रहे और मैं सबकुछ सह लूँ। तुम धीरज न त्यागना। धर्म का काम है। धर्म के मार्ग में विपत्तियाँ आती हैं, परंतु फिर बाद को फल अच्छा मिलता है। तुम आशीष दोगी तो मेरी आत्मा को बल मिलेगा।
हरि की माता तुम्हारे चरणों में है। उस स्त्री को आज तक मुझसे कोई सुख नहीं मिला। उसका हृदय सदा दबा हुआ रहा। जहाँ तक हो सके, उसके मन को उठाए रखना। एक बार चरणों के दर्शन करूँगा।
चरण-रज
गणेशशंकर
धर्मपत्नी श्रीमती चंद्रप्रकाश देवी को
3 मार्च, 1923 ई.
मेरी परम प्यारी प्रकाश,
कल तुम्हारा पत्र प्राप्त हुआ। तुमने जो कुछ लिखा है वह बिलकुल ठीक है। माफी माँगने से अच्छा यह है कि मौत हो जाए। तुम विश्वास रखो कि मैं बेइज्जती का काम नहीं करूँगा। तुम्हारी और बच्चों की बहुत चिंता है, परंतु तुम्हारा हृदय कितना अच्छा और ऊँचा है, उससे मेरे मन को बहुत संतोष हो रहा है। ईश्वर तुम्हारे मन को दृढ़ रखे, अगर तुम दृढ़ रहोगी, तो मेरा मन कभी न डिगेगा। मैं तुमसे कोई बात छिपाना नहीं चाहता।
मैं खुशी से तैयार हूँ। जो मुसीबत आ पड़ी है उसे हँसते-हँसते मैं झेल लूँगा। माखनलालजी के साथ मैं उनके घर जा रहा हूँ। होली वहीं करूँगा। होली के बाद दूज या तीज को मैं कानपुर पहुँचूँगा और उसी दिन दोपहर तक मैं अपने को पुलिस के हाथों में दे दूँगा। मैं सीधे ही अपने को पुलिस के हाथों में दे देता, मगर एक बार तुम लोगों को देख लेना धर्म समझता हूँ। देखो, ईश्वर और धर्म पर विश्वास रखो। आज कष्ट के दिन सिर पर हैं। कल सुख के दिन भी आएँगे। धर्म के लिए सहे जानेवाले कष्ट के दिनों के बाद जो दिन आएँगे, वे परमात्मा की कृपा से अच्छे सुख के दिन होंगे।
हरि, कृष्णा, विमला और ओंकार को हृदय से प्यार।
तुम्हारा
गणेशशंकर विद्यार्थी
अग्रज श्री शिवव्रत नारायण के नाम –
पूज्य भाई साहब, 03.03.1923
प्रणाम !
झाँसी से लिखे पत्र आपको मिल गए होंगे। (तदुपरांत यहाँ) चतुर्वेदीजी के साथ चला आया। यहाँ अच्छी तरह से हूँ। कोई कष्ट नहीं है। चतुर्वेदीजी की माता बड़े प्रेम से भोजन कराती हैं और उनके भाई सेवा करते हैं। आज होली का दिन है। आप लोगों को मेरी चिंता होगी, परंतु चिंता तनिक भी न कीजिएगा। यहाँ कोई कष्ट नहीं है और सबका व्यवहार घर का सा है। 5 तारीख को यहाँ से चलेंगे और 6 तारीख को सबेरे कानपुर पहुँचेंगे। घर पर पहुँच कर आप लोगों से मिल भी लेना है। हो सका, तो नहा-धोकर कुछ खा-पी भी लूँगा। उसके पश्चात् अपने को पुलिस के हाथों में दे देना है। उसी दिन फतेहपुर चले जाना होगा और 10-12 दिन के भीतर ही सब फैसला हो जाएगा। सजा कितनी होगी, सो नहीं कहा जा सकता। मेरा खयाल है कि एक वर्ष के लिए यह कष्ट सिर पर पड़ेगा। आप लोग मेरे दुर्बल शरीर के कारण चिंतित होंगे। आप इसकी चिंता न करें। मुझे कष्ट नहीं होगा। मैं आराम से रहूँगा। मुझे आराम पहुँचाने वाले सब जगह हैं और सबसे अधिक भरोसा ईश्वर का है। इस कष्ट का सहना आवश्यक हो गया है। यदि इस कष्ट के सहने से मैं अपना कदम पीछे हटाऊँगा, तो मेरा जीवन बड़ा कड़वा हो जाएगा। इसलिए, आप लोग ईश्वर पर भरोसा रखकर सहर्ष आज्ञा दीजिए। मुझे बाबूजी की चिंता है। बड़ा कठिन समय है। आप उन्हंा धीरज दीजिएगा। आशा नहीं है कि वे इस चोट को सह सकें। आप चिंता न करें और घर वालों का भी परमात्मा पर भरोसा बँधाएँ। मनुष्य के जीवन में बहुधा संकट के समय आया करते हैं, परंतु वे सदा नहीं रहते। मेरा तो यहाँ तक विश्वास है कि इस संकट में मुझे कोई विशेष लाभ होगा अपने हृदय को तनिक भी न गिरने दीजिएगा। मुझे आशीर्वाद देते रहिए। अम्माँ को प्रणाम। बाबूजी को क्या लिखूँ। बच्चों को प्यार।
चरण सेवक
ग.शं. विद्यार्थी
बड़ी पुत्री कृष्णा देवी के नाम –
हरदोई जेल
अगस्त, 1930
प्यारी कृष्णा,
प्रसन्न रहो !
अपनी माता से कह देना कि वह तनिक भी न घबराएँ। मैं बहुत अच्छी तरह हूँ। तबियत अच्छी है। मेरी वह चिंता न करें। ईश्वर की कृपा से मैं सकुशल घर लौटूंगा। इस समय उन पर जो विपत्ति है, देश के हजारों भले परिवारों पर वह विपत्ति है। हम लोग धर्म का काम कर रहे हैं। हम सबको यह संतोष होना चाहिए कि हमें जो कष्ट झेलना पड़ रहा है, वह किसी पाप-कर्म के लिए नहीं है। हमारे कष्टों से अवश्य ही परम पिता हमारा कल्याण करेंगे। इन कष्टों की समाप्ति के पश्चात् अच्छा समय आएगा। ईश्वर और धर्म की सत्ता पर विश्वास रखें।
सस्नेह
ग.शं. विद्यार्थी
बड़ी पुत्री श्रीमती कृष्णा देवी के नाम –
हरदोई जेल
सितम्बर 1930
प्यारी कृष्णा
प्रसन्न रहो !
वर्षा होने पर यहाँ हम लोगों को भी कष्ट होता है, अपनी बैरक में बैठे रहना पड़ता है। मैदान में, जो हमें आँगन के रूप में मिला हुआ है, घूमना-फिरना रुक जाता है। वैसे घूमने-फिरने के लिए काफी चौड़ी जगह है। मैं यह समझता हूँ कि हम लोगों की दशा कुछ वैसी ही है, जैसी कि बड़े घरों में रहनेवाली पर्दानशीन महिलाओं की होती है। तुम्हारी माताजी वर्षों परदे में रही हैं। उनसे कह देना कि यहाँ हम लोग उनकी उस दशा से दस-बीस गुना अच्छे ही हैं। इसलिए उन्हें मेरे संबंध में चिंता न करनी चाहिए। मुझे विश्वास है कि वह घबराती न होंगी। इस समय तो देश पर आँधी आ रही है। जो सब पर बीतेगी, वही हम लोगों पर भी बीतेगी।
सप्यार ग.शं. विद्यार्थी
पुत्र हरिशंकर विद्यार्थी के नाम –
हरदोई जेल
01.12.1930
प्रिय हरि,
“”इन उलझनों में अब होशियारी से काम लेना सीखो। कुछ व्यावहारिक बुद्धि प्राप्त करने का तुम्हें इससे बढ़कर कोई अवसर प्राप्त न होगा। आजकल की शिक्षा एकांगी है। युवक व्यावहारिक ज्ञान से कोरे होते हैं, किंतु इस अवसर से तुम बहुत लाभ उठा सकते हो, जो आगे चलकर तुम्हारे लिए बहुत ही लाभदायक होगा।
शुभेच्छु
ग .श. विद्यार्थी
हरिशंकर विद्यार्थी के नाम –
9.12.1930
प्रिय हरि,
“सब कामों में स्वयं न उलझो। अधिकांश काम दूसरों से कराओ। दूसरों से काम करा सकना केवल स्वयं काम कर लेने की शक्ति से अधिक बड़ी शक्ति है। दूसरों से काम लेने में एक बात का खयाल रखो। जिसे जो काम सौंपा जाए, उसके संबंध में उस पर इतना विश्वास अवश्य करो कि जब तक काम बिगड़ने न लगे, तब तक उसे न टोको। शिकायत करनेवाले की ओर ध्यान न दो। किसी हालत में व्यग्र न हो। जितने व्यग्र होगे, वातावरण उतना ही अधिक व्यग्र बनाएगा। कभी कोई कठिन समस्या का निर्णय करना हो, तो तुरंत उसका निर्णय न करो, उसे नोट कर लो और रात में विचार कर सबेरे उसका निर्णय करो।
मेरी यह स्पष्ट राय है कि इस साल तुम कॉलेज में नहीं पढ़ोगे। इस वर्ष पढ़ना-लिखना बंद। केवल स्वास्थ्य सुधारना आवश्यक है। बी.ए., एम.ए. की डिग्री से काम नहीं चलेगा। वह तो जब चाहोगे, तब मिल जाएगी, किंतु गया हुआ स्वास्थ्य हाथ नहीं आएगा और कमजोर शरीर जन्म भर कष्ट देता है। अपने भाई-बहनों को भी तंदुरुस्ती ठीक रखने की शिक्षा दो। ओंकार रोज व्यायाम करे और मैं तो चाहता हूँ कि कृष्णा, विमला और सरला भी लेटकर व्यायाम करना सीख लें।
सस्नेह
