जयपाल की कविता पवित्र डायनासोर

 

कविता

पवित्र डायनासोर

जयपाल

 

स्कूल की किताबों में
एक शब्द लिखा होता था-पवित्र
डर जाता था मैं इसे पढ़कर
जैसे अक्सर डर जाते हैं बच्चे
डायनासोर का नाम सुनकर

फिर धर्म ग्रंथों के हर पन्ने पर
लिखा मिला यही शब्द
देवताओं की अगल- बगल
धर्मस्थलों के आस-पास
संतों-महंतों और पुजारियों के चरणों में

जैसे-जैसे मैं बड़ा हुआ
यह डायनासोर भी बड़ा होता गया

मैंने जाना
कितनी औरतें सती हुईं
कितनी औरतों ने किया जौहर
कितनी औरतों को निगल गई लक्ष्मण रेखा
कितनी सीताएं गुजरीं अग्नि परीक्षा से
कितनी धरती में समा गईं

कितने स्त्री-पुरुष हुए अस्पृश्य
कितने बहिष्कृत
कितने निर्वस्त्र
कितने भस्मीभूत
कितने जमीन में गाड़े गए

इक्कीसवीं सदी आ गई है
और डायनासोर का मुंह खुला हुआ है !

Comments

Your email address will not be published.

0