डॉ रीटा अरोड़ा की लघुकथा – नकाब उतरते ही

लघुकथा

नक़ाब उतरते ही

डॉ रीटा अरोड़ा

 

रात के दो बजे सड़क लगभग सुनसान थी। सोनिया पब से निकलकर जैकेट पहने सड़क किनारे खड़ी थी। तभी एक कार आकर रुकी।

“कहाँ जाना है आपको? इतनी रात सड़क पर खड़े रहना ठीक नहीं। आइए, छोड़ देता हूँ।”

“वज़ीर कॉलोनी।”

“बैठिए, मैं भी उसी तरफ जा रहा हूँ।”

कुछ दूर चलने के बाद उसने पूछा, “आप कहाँ काम करती हैं?”

“एक पब में।”

“क्या करती हैं वहाँ?”

“लोगों का मनोरंजन करती हूँ।”

उसका स्वर अचानक बदल गया।

“आप जैसी लड़कियों की वजह से समाज में नैतिकता गिर रही है।”

“समाज की नैतिकता का पूरा भार हम पर ही है क्या?”

“ऐसे पब में काम करना कोई सम्मानजनक काम नहीं है।”

“और वहाँ बैठकर देर रात तक हमारा मनोरंजन लेने वाले लोग?”

“वो अलग बात है। मैं एक समाज सुधारक हूँ। ऐसी बुराइयों के विरुद्ध आवाज़ उठाता हूँ।”

सोनिया मुस्कुराई, “कल रात भी एक मंच पर थे आप।”

“कहाँ?”

“उसी पब में… जहाँ मैं लोगों का मनोरंजन कर रही थी। आपकी तालियाँ सबसे तेज़ थीं और इनाम भी आपने ही दिया था।”

“वो… मेरा निजी समय था।”

“और मेरा काम मेरी मजबूरी या निजी चुनाव हो सकता है। फिर मेरे चरित्र का फैसला करने का अधिकार आपको किसने दिया?”

सोनिया ने मोबाइल पर तस्वीर खेमचंद की ओर बढ़ा दी।

“पहचानिए, समाज सुधारक जी!”

खेमचंद की नज़र तस्वीर पर ठहर गई। कुछ पल बाद उसने मोबाइल वापस कर दिया।

सोनिया खिड़की से बाहर देखने लगी। गाड़ी में फिर वही खामोशी थी।

Comments

Your email address will not be published.

0