रोजलीन की टिप्पणी- घर की बात

घर की बात

रोजलीन

कुछ लोग इसे बहुत बड़ाई की बात समझते हैं। जबकि इससे तुच्छ बात क्या ही हो सकती है कि वो अपने घर की समस्याओं को सुलझाने का उपाय और विकल्प खोजने के बजाय, अपने घरेलू झगड़े को यत्र – तत्र सड़क पर ले उतरते हैं और अपने घर परिवार के सदस्यों की चुगली करना, उन पर लांछन लगाना, उन्हें अपमानित करना ही उनका काम रह गया होता है। ऐसे व्यक्ति की हरकतें घर के संतुलन और शांति को भंग करते हैं।
कई बार कुछ पेरेंट्स या बड़े बुजुर्ग लोग भी कसर नहीं छोड़ते और बहुत बार ऐसा अनजाने में नहीं अपितु जानबूझकर किया जाता है। कुछ लोग सोचते हैं ऐसा करने से वो अपने लिए सामने वाले की ज्यादा से ज्यादा सांत्वना, दिलासा या ढांढस बटोर सकते हैं और घर के किसी भी व्यक्ति को ज़लील भी कर सकते हैं ताकि खुद को मजबूर, असहाय, बेचारा और प्रताड़ित दिखाया जा सके। कुछ लोग दूसरों की अटेंशन पाने और अपनी ओर ध्यान खींचने के लिए ऐसा करते हैं।
दरअसल यह चीज उनकी सोच का हिस्सा होती है कि किसी भी हाल में दूसरे की अटेंशन पानी है ताकि वो लोगों के ध्यान का केंद्र बने रह सकें। जैसे कई बार उन्हें बड़ा शौक होता है कि वो जबरन लोगों के हर मसले में जा घुसते हैं बिना किसी कारण या मदद मांगे और उनके काम करते फिरते हैं कि भाई मेरी दुनिया में बड़ी पहचान है मुझे काम बताओ मैं काम कराऊंगा। फिर भले अपने घर में फली ना फोड़ते हों।
मतलब अपने घर के सदस्यों की बात सुनने या एक-दूसरे के साथ टिक कर बात करने का उनके पास समय नहीं होता है। बाहर सबके साथ बहुत खुश रहेंगे लेकिन घर में घुसते ही चिड़चिड़ा कर नाक-भौंह सिकोड़ लेंगे और बिफरे फिरेंगे कि अपना भी दिमाग खराब रखेंगे और घर वालों का भी। बाहर खुद को बहुत शालीन, संस्कारी , तमीजदार दिखाएंगे लेकिन घर में फूहड़ता और गाली-गलौच मचाएंगे। बाहर दूसरों का सम्मान और आवभगत दिखाएंगे कि भई इस आदमी जैसा गऊ माणस दुनिया में कोई होगा नहीं जबकि अपने बीवी-बच्चों का जरा सम्मान नहीं। जिस घर का मुखिया ऐसा हो ऐसे घर का क्या वातावरण रह गया हो सकता है।
यह सब चीजें अधिकांशतः समाज में देखने को मिलती हैं और इसका हल है कि उक्त व्यक्ति आत्म मंथन करे यद्यपि ऐसा होता नहीं है क्योंकि ऐसा करना भी अपने अहंकार के टूटने वाली बात होती है और अहंकार टूटे ऐसा कोई चाहता नहीं। अपनी गलतियों का बोध हो इससे तो अपनी ईगो टूटती है। मालिक होने या खुदा बनने में जो बात है वो एक सादा साधारण वास्तविक व्यक्ति होने में कहां। खैर

Comments

Your email address will not be published.

0