आत्मकथ्य; उर्फ़ मैं एक अकिंचन कवि लिखूँगा ही क्या?
राजकुमार कुम्भज
सुटेड-बुटेड राजनीतिक गिरोह से घिरा मैं एक अकिंचन कवि,सिवाय हॅंसी का पात्र बनने के,आख़िर लिखूँगा ही क्या?अर्थात् जो कर्म-कांड सर्कस में ज़ोकर की हिस्सेदारी है और कि जिसे वह अपने मालिक द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकार सहित अपनी मौलिक ज़िम्मेदारी भी स्वीकार करता है,क्या बस इतना ही और सिर्फ़ यही ठहरा है अब मेरा भी दैनिक क्रियाकलाप?
जो और जैसा गहन चिंतन जयशंकर प्रसाद ने किया,वह और वैसा चिंतन मेरे पास कहाँ है?जो काव्य-श्रेष्ठता सूर्यकांत त्रिपाठी निराला के पास है,वह और वैसी काव्य-श्रेष्ठता मेरे पास कहाँ है?जो और जैसा शब्दों का सूक्ष्म ज्ञान-वैभव सुमित्रानंदन पंत के पास है,वह और वैसा शब्दों का सूक्ष्म ज्ञान-वैभव मेरे पास कहाँ है?अभी तो इन कवि-चिंतकों को पढ़ने-समझने की वह ज़रूरी तमीज़ भी मैं हासिल नहीं कर पाया हूँ.तब फिर कुछ लिख देने का दंभ कैसा और क्यों?
गजानन माधव मुक्तिबोध की तत्कालीन फैंटेसी को समग्रता में समझने की औक़ात मुझमें अभी भी विकसित नहीं हुई नहीं है.मुक्तबोध का आत्म-संघर्ष और आत्म-ताप अद्वितीय है.वे अपनी कविताओं में जितना बताते हैं,उससे कई गुना बचाते हैं.उनके इस बताने और बचाने के बीच जो अतिरिक्त अ-अभिव्यक्त है,उसे समझने का दृष्टिकोण आकस्मिकतौर पर सुलझाना अभी शेष है.सत्ताओं और व्यवस्थाओं के छद्म पारितोषिक किसी भी क़िस्म के प्रतिरोध को भ्रमित कर देने में अस्वीकार्य हस्तक्षेप करते हैं.
सत्ताऍं और व्यवस्थाऍं नितांत अनावश्यकतौर तक ख़ुशहाल हैं.असमानता पीड़ित नागरिक,जीऍं-मरें इस सबसे राज्य को कहाॅं कोई मतलब रह गया है?बाढ़ से,अकाल से,पानी के अभाव से,रोग-ग्रस्तता से आम लोगों का मरते जाना सभी जानते हैं कि कितना आम होता जा रहा है.महॅंगाई,बेरोज़गारी,नशाख़ोरी,गुंडागर्दी,स्त्री-उत्पीड़न लालफ़ीताशाही,रिश्वतख़ोरी और नाफ़रमानी का आलम क्या किसी से छुपा है?
इन स्थितियों-परिस्थितियों में मुझ जैसे अकिंचन कवि की हाज़िरी,सिर्फ़ हाज़िरी बजाने तक सॅंकुचित करदी गई है.किसी को कोई फ़र्क़ नहीं है.किसी को कोई शिक़ायत नहीं है.किसी को कोई आपत्ति नहीं है.सब मज़े में हैं और मज़े ले रहे हैं.सब कुछ मज़े से चल रहा है.
जगह-जगह भोजन-भंडारे जारी हैं.पता नहीं फिर मैं ही चूतिया क्यों दुखी हो रहा हूँ? क्यों अफ़सोस है मुझे? क्यों शिक़ायत है मुझे? क्यों मैं सवाल करता रहता हूँ? मेरे पास कुछ शब्द और सिवाय दो जोड़ी कपड़ों के अतिरिक्त उत्तेजनापूर्ण शेष है ही क्या?जो ऑंख से न टपके तो लहू क्या?
सूचना प्रौद्योगिकी के इस महाविस्फोटक समय में,शब्दों सहित शब्दों की मौलिकता और पवित्रता को बचाये रखने का महासंकट,सामान्यतः लगभग सभी संवेदनशील-क्षेत्रों की ज़िम्मेदारी तय करता है,किन्तु कविताओं की प्रासॅंगिक ऑंतरिकता के आशय और अभिप्राय सर्वथा भिन्न रहते आए हैं.
परॅंपरागततौर पर इतना सुनिश्चित हो जाने के बाद,कवि की ज़िम्मेदारी कुछ अधिक ख़ास इसलिए ठहरती है;क्योंकि कविताओं के उपनिवेश से नयी-नयी भाषा के नये-नये शब्दों,नये-नये विचारों के नये-नये आकारों-प्रकारों और अभिव्यक्ति के नये-नये प्रयोगों से नये-नये विश्वास मिलते रहने की उम्मीदें बनती हैं.
सर्वविदित सच्चाई यही है कि नये शब्दों के नये आकारों-प्रकारों से ॳॅंकुरित होने वाली अर्थ-अन्विति से मौज़ूदा सत्ताऍं थरथरातीं हैं.इसीलिए यथास्थितिवादी व्यवस्था की पक्षधरता रखनेवाली शक्तियाँ,समूचे सामान्य सामाजिक वातावरण को असामान्यतौर पर अशांत व प्रदूषित करते रहते हैं.
दिलचस्प ये है कि कच्छा-बनियानधारी तमाम-तमाम घनीभूत प्रतिरोधक-शक्तियाॅं अपने-अपने दड़बों में चीख़ती-चिल्लाती रहतीं हैं.ये भी एक संभावनाशील कर्मकांड है,जो अपने-अपने समय के हवन-कुंड में शायद बेमतलब ही होता रहता है.जीवन और कविता और मनुष्यता की पक्षधरता रखनेवाली प्रश्नावली यथावत साभार बनी रहती हैं.
ख़तरे भयानक हैं और ख़ामोशियों से नहीं,बल्कि खुल्लमखुल्ला मुँह सामने,दहाड़ते हुए समस्त सुसंस्कृत-मनुष्यता के सामने,अदालती सम्मन जारी करते हुए,व्याकुल प्रश्नाकुलताभरी चुनौती लिए खड़े हैं.ख़ामोशियाँ और-और भी हैं और कई-कई हैं,जो शताब्दियों से अनसुनी रहतीं आईं हैं.
सवाल ये नहीं है कि सामने खड़े इन भयानक समकालीन ख़तरों से कौन बचाएगा?सवाल ये है कि इस उपलब्ध भयानकता का मुक़ाबला सामूहिकता से कैसे किया जा सकता है?अनेक को एक में तब्दील कर देने का महाघृणास्पद अभियान कैसे ध्वस्त किया जा सकता है?
सामाजिकता का विश्वास है कि कविताओं के पास मनुष्यता का विश्वास रहता है.ये अवधारणा व्यर्थ नहीं हो सकती है कि कविताओं में ऐसा बहुत कुछ होता है,जो अन्यत्र दुर्लभ है.वह कम नहीं,बल्कि बहुत कुछ अच्छा और अछूता है,जिसके कारण कविताओं को बाधाओं तथा प्रतिबंधों का सामना करना पड़ता है.
अकारण नहीं है कि व्यवस्थाऍं और सत्ताऍं अपनी गतिविधियों का संचालन अपनी मनमर्ज़ी की तथाकथित गति से करती रहती हैं.इस संदर्भ में उनके यहाँ कोई भी दुविधा,कोई भी दुराव अथवा कोई भी दुनियादारी देखने को नहीं मिलती है.दुविधा,दुराव अथवा दुनियादारी से अभिप्राय,उस सामान्य सामाजिकता का ही है,जिसे सर्वजनहिताय सर्वजनसुखाय से जोड़कर देखा जा सकता है.
शायद यहीं से प्रतिबद्धता की प्रतिद्वंदिता का मुद्दा बहस के केंद्र में आ जाता है.समझना मुश्किल नहीं होना चाहिए कि ये प्रतिबद्धता की प्रतिद्वंदिता किस ओर से,किस ओर के बीच होती रही है?वाद,विवाद,प्रतिवाद से उपजी किसी भी कोशिश की प्रतिक्रिया का अधिकतम तापमान सामान्य नहीं होकर विफलता की ओर ले जाता है,जबकि संवाद ही वह एकमात्र असल लोकतांत्रिक सच्ची वैकल्पिक व्यवस्था है,जिस की विकलता अपनाने का आग्रह सर्वोत्तम और सर्वोपरि है.
लोकतांत्रिक विकलता ही कविताओं की वह विकलता है,जिसकी वज़ह से कविताओं में सभी के लिए,समानांतर नहीं,बल्कि एक समान जगह होती है.एक बेहतर जीवन,एक बेहतर संसार और एक बेहतर मनुष्य बनाने की चिंता ही,कविता का बेहतर घर है.कभी-कभी कविता के इस घर में कुछेक अप्रासॅंगिक-प्रहसन अकारण ही अतिक्रमण करते हुए अपने अस्तित्व का हुड़दॅंगी शोर मचाने लगते हैं.ऐसे अनधिकृत और अप्रासॅंगिक हुड़दॅंगी शोर का अनुवाद करना संभवतः अनावश्यक स्यापा है.
मैं स्वीकार करता हूँ कि मैं एक ऐसा असहमत,असहाय और असमर्थ अकिंचन कवि हूँ,जो शब्दों को रौंदे जाने के बावजूद,शब्दों के बचाव में अपना-सा अपनापन समेटते-संभालते हुए,अपना तुच्छ-सा सृजनशील तपना-झुलसना और लड़ना-मरना निरंतर जारी रखता हूँ.असहमत को शत्रु समझ लिए जाने के इस ऐतिहासिक अटपटे दौर में भी अंततः कवि और कविता की संभावनाऍं असमाप्त हैं.
अपने ताप का प्रलाप करते हुए मैं एक अकिंचन कवि हाल-फ़िलहाल इस सबसे कुछ और अधिक लिखूँगा ही क्या?
5.11.26
