समय – समाज
संगत का असर: हम किसके साथ बैठते हैं, वही हमारी सोच गढ़ता है
-
जिंदगी की दिशा बड़े फैसलों से नहीं, रोज़ की बैठकों से तय होती है
डॉ. रीटा अरोड़ा
“जीवन बदलना चाहते हो?”
“हाँ, पर रास्ता समझ नहीं आता।”
“रास्ता बाहर नहीं, संगत में छिपा है।”
“संगत?”
“हाँ, जिनके बीच बैठते हो, वही तुम्हारे विचार बन जाते हैं।”
“तो बदलाव?”
“लोग बदलो, सोच बदल जाएगी;
सोच बदली तो जीवन स्वयं बदल जाएगा।”
समाज में अक्सर हम बड़े-बड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं – शिक्षा, राजनीति, अर्थव्यवस्था और नैतिकता। लेकिन इन सबके बीच एक बेहद साधारण, फिर भी गहरी सच्चाई अक्सर हमारी नजरों से ओझल रह जाती है – हम जिन लोगों के साथ समय बिताते हैं, वही हमारे सोचने और समझने के तरीके को आकार देते हैं।
संगत का असर इतना सूक्ष्म होता है कि हमें इसका एहसास भी नहीं होता, लेकिन इसका प्रभाव हमारी जिंदगी पर बहुत गहरा पड़ता है।
“इंसान की पहचान उसके शब्दों से कम,
उसकी संगत से ज्यादा होती है।”
जरा सोचिए, अगर आप कुछ समय किसी ऐसे व्यक्ति के साथ बिताएं जो हर चिंता को हल्के में लेता है तो आपको भी जीवन आसान लगने लगता है। वहीं अगर आप किसी साधु-संत के साथ बैठें तो मन वैराग्य और त्याग की ओर झुक जाता है। किसी नेता के साथ समय बिताने पर आपको सत्ता और प्रभाव का एक अलग ही नजरिया दिखाई देता है। किसी बीमा एजेंट के साथ बैठिए तो वह जीवन और मृत्यु का ऐसा हिसाब समझा देगा कि आपको जीने से ज्यादा मरने के फायदे गिनाने लगेगा।
इसी तरह, एक सफल व्यापारी के साथ बैठने पर आपको लगेगा कि आप कुछ कमा ही नहीं रहे। किसी वैज्ञानिक के साथ बातचीत आपकी सीमित जानकारी का एहसास कराती है तो शिक्षक के साथ समय बिताने पर लगता है कि अभी तो बहुत कुछ सीखना बाकी है। किसान या मजदूर के साथ चाय पीने से मेहनत का असली अर्थ समझ में आता है और सीमा पर खड़े सैनिक के साथ कुछ पल बिताने से यह एहसास होता है कि देश के लिए त्याग क्या होता है।
कोरोना काल में हमने यह बात और गहराई से महसूस की। डॉक्टरों और नर्सों के साथ काम करने वाले कई युवा, जो पहले केवल नौकरी और वेतन को महत्व देते थे, अचानक सेवा और मानवता का वास्तविक अर्थ समझने लगे। वहीं कुछ लोग लगातार नकारात्मक खबरों और भय फैलाने वाली संगत में रहकर तनाव और चिंता का शिकार हो गए।
यही संगत की ताकत है।
वह धीरे-धीरे हमारी सोच का रंग बदल देती है।
“जैसी संगत वैसी सोच बन जाती है,
फिर वही सोच पूरी जिंदगी चला जाती है।”
और शायद सबसे खास बात – जब आप किसी सच्चे दोस्त के साथ बैठते हैं तो बिना किसी तर्क या बहस के ही जिंदगी खूबसूरत लगने लगती है।
एक अच्छा दोस्त कई बार किताबों से ज्यादा सिखा देता है। उसकी मौजूदगी ही मन का बोझ हल्का कर देती है। आज के समय में, जब सोशल मीडिया ने हर किसी को अपनी राय रखने का मंच दे दिया है, बहसें बढ़ी हैं लेकिन समझ कम हुई है। हम अपनी बात मनवाने में इतने व्यस्त हो गए हैं कि सामने वाले के दृष्टिकोण को समझने की कोशिश ही नहीं करते। ऐसे में संगत का चुनाव और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।
आज समाज में बढ़ती अधीरता, आक्रामकता और मानसिक तनाव के पीछे कहीं न कहीं हमारी संगत और वातावरण की भी बड़ी भूमिका है। आज कई युवा ऐसे लोगों से प्रभावित हो रहे हैं जो केवल दिखावे, आसानी से मिलने वाली सफलता और बाहरी चमक को जीवन का लक्ष्य बताते हैं। धीरे-धीरे वे भी उसी दौड़ का हिस्सा बन जाते हैं। कई बार इंसान बुरी आदतों से नहीं, बुरी संगत से बर्बाद होता है। धीरे-धीरे वही भाषा, वही व्यवहार और वही सोच उसकी जिंदगी का हिस्सा बन जाती है।
“धुएँ में बैठोगे तो कपड़ों में गंध आएगी ही,
और फूलों के पास रहोगे तो खुशबू भी साथ जाएगी।”
जरूरी यह नहीं कि हम हमेशा सही लोगों के साथ ही बैठें, बल्कि यह है कि हम हर संगत से क्या सीखते हैं। हर व्यक्ति अपने अनुभवों का एक संसार लेकर आता है। अगर हम खुले मन से सुनें तो हर मुलाकात हमें कुछ नया सिखा सकती है। अगर कोई युवा ऐसे लोगों के बीच बैठे जो मेहनत, अनुशासन और धैर्य की बात करते हैं तो उसका नजरिया भी बदलने लगता है।प्रेरणादायक लोगों, सकारात्मक विचारों और रचनात्मक वातावरण के बीच रहेंगे तो व्यक्तित्व भी उसी दिशा में विकसित होगा।
संगत केवल हमें प्रभावित ही नहीं करती, बल्कि हम भी दूसरों पर उतना ही असर डालते हैं। इसलिए यह हमारी जिम्मेदारी भी है कि हम अपने विचारों, व्यवहार और दृष्टिकोण से अपने आसपास सकारात्मकता फैलाएं। एक अच्छी संगत न केवल व्यक्ति को बेहतर बनाती है, बल्कि समाज को भी मजबूत बनाती है।
अंततः, जीवन की दिशा बड़े फैसलों से कम और छोटी-छोटी संगतों से ज्यादा तय होती है। हम किसके साथ बैठते हैं, किसकी बातें सुनते हैं और किससे प्रेरणा लेते हैं – यही धीरे-धीरे हमारे व्यक्तित्व का निर्माण करता है।
इसलिए अगर जीवन में बदलाव चाहिए, तो शुरुआत अपने आसपास के लोगों से कीजिए।
क्योंकि सच यही है – जिनके बीच रोज़ बैठते हैं, धीरे-धीरे हमारी सोच भी वैसी ही बन जाती है।
