सामाजिक सरोकार
डिजिटल उपवास: स्क्रीन टाइम से मुक्ति, जीवन में संतुलन
डॉ रीटा अरोड़ा
“माँ, आप मुझसे बात कर रहीं हैं या फोन से?”
बेटे के इस सवाल ने मुझे चुप करा दिया।
मैंने फोन नीचे रखा।
शायद पहली बार एहसास हुआ-हम साथ रहते हैं, लेकिन साथ नहीं होते।
आज की तेज़ रफ्तार दुनिया में मोबाइल फोन हमारी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। सुबह की शुरुआत से लेकर रात के अंतिम क्षण तक, हमारी नजरें स्क्रीन पर टिकी रहती हैं। सुप्रभात कहना, काम, संवाद, मनोरंजन-सब कुछ डिजिटल माध्यमों में सिमट गया है। लेकिन इस सुविधा के साथ एक गंभीर समस्या भी उभरकर सामने आई है-डिजिटल थकान, मानसिक अस्थिरता और रिश्तों में बढ़ती दूरी।
ऐसे समय में “डिजिटल उपवास” की अवधारणा केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि एक आवश्यकता बनती जा रही है। जिस प्रकार हम शारीरिक स्वास्थ्य के लिए उपवास रखते हैं, उसी प्रकार मानसिक संतुलन और भावनात्मक स्पष्टता के लिए डिजिटल उपवास एक प्रभावी उपाय है।
सप्ताह में एक दिन डिजिटल उपकरणों से दूरी बनाना-यह विचार शुरू में कठिन लग सकता है, लेकिन इसके सकारात्मक प्रभाव बेहद गहरे होते हैं। न लगातार बजती नोटिफिकेशन की आवाज़, न हर पल कुछ चेक करने की बेचैनी-इसके स्थान पर मिलता है सुकून, एकाग्रता और अपने साथ समय बिताने का अवसर।
डिजिटल उपवास का सबसे महत्वपूर्ण प्रभाव हमारे व्यक्तिगत संबंधों पर पड़ता है। आज हम एक ही घर में रहते हुए भी एक-दूसरे से दूर होते जा रहे हैं। बातचीत की जगह संदेशों ने ले ली है और साथ बिताए समय की जगह स्क्रीन टाइम ने। ऐसे में जब हम एक दिन के लिए डिजिटल दुनिया से दूरी बनाते हैं, तो हमारे पास परिवार के साथ बैठने, बातचीत करने और वास्तविक संबंधों को जीने का अवसर मिलता है।
इसी संदर्भ में “रुचियों का ऑफलाइन कलेक्शन” जैसी अवधारणा एक सरल लेकिन प्रभावी पहल के रूप में सामने आती है। यह मूलतः व्यक्ति की रुचियों का एक ऐसा ऑफलाइन कलेक्शन होता है, जिसमें किताबें, गेम्स, डायरी, स्केचबुक, पज़ल्स या अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ी वस्तुएँ शामिल होती हैं। इसका उद्देश्य यह है कि जब भी अनायास ही हाथ मोबाइल की ओर बढ़े तो उस आदत को बदलकर इन विकल्पों की ओर मोड़ा जाए। धीरे-धीरे यह अभ्यास न केवल स्क्रीन पर निर्भरता को कम करता है, बल्कि व्यक्ति को अधिक रचनात्मक, एकाग्र और मानसिक रूप से संतुलित बनाता है।
यह पहल केवल समय बिताने का विकल्प नहीं है, बल्कि जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने का माध्यम है। जब हम डिजिटल दुनिया से थोड़ा दूर होते हैं, तब हमें यह अहसास होता है कि वास्तविक खुशी लाइक्स, कमेंट्स या अपडेट्स में नहीं, बल्कि उन पलों में है जो हम अपने प्रियजनों के साथ बिताते हैं।
समाज के स्तर पर भी यह बदलाव अत्यंत आवश्यक है। यदि हर व्यक्ति सप्ताह में कम से कम एक दिन या दिन में कुछ घंटे डिजिटल उपवास का संकल्प ले, तो इसका प्रभाव व्यापक होगा। यह न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगा, बल्कि सामाजिक संबंधों को भी मजबूत करेगा। बच्चों के लिए यह एक सकारात्मक उदाहरण बनेगा, जिससे वे संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
अंततः, तकनीक हमारे जीवन को सरल बनाने का साधन है, न कि उस पर नियंत्रण करने का माध्यम। इसलिए आवश्यक है कि हम इसके उपयोग में संतुलन बनाए रखें। सप्ताह में एक दिन डिजिटल उपवास अपनाकर हम अपने मन को विश्राम दे सकते हैं, अपने संबंधों को मजबूत कर सकते हैं और जीवन में वास्तविक संतुलन स्थापित कर सकते हैं।
एक पल ठहरकर सोचिए-क्या फोन आपके हाथ में है या आप उसके नियंत्रण में हैं?
अगर जवाब आपको सोचने पर मजबूर करे, तो समझ लीजिए-डिजिटल उपवास की शुरुआत अब जरूरी है।
शुरुआत छोटी रखें: सुबह 30 मिनट फोन न छुएं, रात को 1 घंटा पहले बंद करें। सिर्फ 7 दिन फोन से थोड़ा सा फासला बनाकर देखिए-जिंदगी में फर्क खुद महसूस होगा।

लेखिकाः डॉ रीटा अरोड़ा
