पंजाब के तरनतारन में विधानसभा उपचुनाव के दौरान एक बूथ पर मतदान के लिए लाइन में खड़े लोग।
विधानसभा उपचुनावों में कहां कितना हुआ मतदान, जानिये यहां
बिहार में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के साथ ही मंगलवार को कई राज्यों में कतिपय कारणों से विधानसभा की खाली सीटों पर मतदान हुआ। किस सीट पर कितना वोट पड़ा है देर रात तक मिली जानकारी के आधार पर यहां एक राउंडअप दिया जा रहा है। मतदान का प्रतिशत बढ़ भी सकता है।
हैदराबाद: जुबली हिल्स उपचुनाव में 48.47 प्रतिशत मतदान
जुबली हिल्स विधानसभा सीट पर मंगलवार को हुए उपचुनाव में 48.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह उपचुनाव सत्तारूढ़ कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) दोनों के लिए अहम माना जा रहा था। मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सी. सुदर्शन रेड्डी ने मीडिया को बताया कि मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीआरएस द्वारा दर्ज की गई शिकायतें पुलिस को भेज दी गईं, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई। रेड्डी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों में विधायकों और अन्य नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव में 80 प्रतिशत से अधिक मतदान
राजस्थान में बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,28,264 मतदाता हैं, जिनमें 1,16,783 पुरुष और 1,11,477 महिलाएं शामिल हैं। निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। सभी 268 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। यहां मतदान दलों ने मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ करने से पूर्व पोलिंग एजेंट की मौजूदगी में ईवीएम पर ‘मॉक पोल’ का प्रदर्शन किया।
राज्य की 200 सीट वाली विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के पास इस समय 118 सीट हैं। कांग्रेस के पास 66, भारत आदिवासी पार्टी के पास चार, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पास दो और राष्ट्रीय लोकदल के पास एक सीट है।
जम्मू कश्मीर : बडगाम उपचुनाव में 49.92 प्रतिशत मतदान दर्ज
जम्मू कश्मीर के बडगाम विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मंगलवार को करीब 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बडगाम में मतदान समाप्ति पर अनुमानित मतदान प्रतिशत 49.92 प्रतिशत दर्ज किया गया।
बडगाम नेशनल कॉन्फ्रेंस का गढ़ रहा है, जहां 1962 से ही इसके उम्मीदवार जीतते रहे हैं। बस एक बार 1972 में कांग्रेस उम्मीदवार ने यहां से जीत हासिल की थी।
पंजाब के तरन तारन उपचुनाव में 60.95 प्रतिशत मतदान
पंजाब में तरन तारन विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को हुए मतदान में 60.95 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में तरन तारन विधानसभा क्षेत्र में 65.81 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मंगलवार को हुआ मतदान शांतिपूर्ण रहा। कुल 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त हुआ।
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सिबिन सी ने बताया कि सटीक आंकड़े सभी मतदान दल के संग्रह केंद्रों पर लौट आने और अंतिम आंकड़ा प्रविष्टि पूरी हो जाने के बाद बुधवार तक अद्यतन कर दिए जाएंगे।
झारखंड : घाटशिला उपचुनाव में शाम पांच बजे तक 73.88 प्रतिशत मतदान
झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को शाम पांच बजे तक 2.56 लाख मतदाताओं में से करीब 74 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यहां एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
हालांकि, शाम पांच बजे तक मतदान के लिए केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतार लगी रही जिससे यह आंकड़ा बढ़ने की संभावना है।
