लघुकथा
पतीला और चमचे
डॉ. रीटा अरोड़ा
“एक बात बताओ, भरे पतीले के आसपास इतने चमचे क्यों मंडराते हैं?”
“क्योंकि पतीले में सामग्री होती है, भाई!”
“और जब सामग्री खत्म हो जाती है?”
“तो चमचे धीरे-धीरे खिसक लेते हैं।”
“लेकिन कुछ चमचे दूर जाकर भी खनखनाते रहते हैं!”
“हाँ, तब उनकी खनखनाहट में तारीफ़ नहीं, आलोचना सुनाई देती है।”
“अजीब है! जब तक पतीला भरा था, हर चमचा उसी में डूबा था। कोई उसकी तारीफ़ करता, कोई उसकी सामग्री का गुणगान!”
“और अब?”
“अब वही चमचे कह रहे हैं कि पतीले में कभी कुछ खास था ही नहीं।”
“तो गलती पतीले की थी या चमचों की?”
“पतीला तो अपनी जगह वही रहा। सामग्री खत्म हुई, तो चमचों की नीयत और आवाज़ दोनों बदल गईं।”
“यानी चमचों की पहचान उनकी खनक से होती है?”
“नहीं! उनकी खनक से यह पता चलता है कि पतीला भरा है या खाली!”
~
