वैज्ञानिक दृष्टिकोण लोकतांत्रिक और प्रगतिशील समाज की बुनियाद: डॉ प्रमोद गौरी 

वैज्ञानिक दृष्टिकोण लोकतांत्रिक और प्रगतिशील समाज की बुनियाद: डॉ प्रमोद गौरी

  • सरकारी कॉलेज चम्पू कलां में पीडीएसयू ने आयोजित की दो दिवसीय कार्यशाला

चम्मू कलां, कुरुक्षेत्र । सरकारी कॉलेज चम्मू कलां, कुरुक्षेत्र में कॉलेज प्रबंधन समिति एवं प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स यूनियन (PDSU)के संयुक्त तत्वावधान में -विज्ञान और समाज एवं वैज्ञानिक मानसिकता- विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तर्कशीलता, प्रश्न पूछने की संस्कृति और लोकतांत्रिक सोच को बढ़ावा देना रहा।

कार्यशाला के दूसरे दिन हरियाणा ज्ञान-विज्ञान समिति के अध्यक्ष प्रो. प्रमोद गौरी ने “वैज्ञानिक मानसिकता” विषय पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक मानसिकता का अर्थ केवल विज्ञान की जानकारी रखना नहीं, बल्कि किसी भी बात को बिना जांचे-परखे स्वीकार करने के बजाय प्रश्न करना, प्रमाण देखना, तर्क करना और आवश्यकता पड़ने पर अपनी धारणा बदलने की क्षमता विकसित करना है। इसके बाद तर्कशील सोसाइटी हरियाणा के कोषाध्यक्ष मा. बलजीत कुंडू ने गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।

कार्यशाला में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल-जवाब किए और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सामाजिक समस्याओं को समझने का प्रयास किया।

इस अवसर पर PDSU के अध्यक्ष मनीष और रज्जक अली जी ने कहा कि वैज्ञानिक मानसिकता किसी एक वर्ग या व्यक्ति की संपत्ति नहीं है। यह लोकतांत्रिक समाज की जरूरत है, क्योंकि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब नागरिक सवाल पूछें, तर्क और प्रमाण के आधार पर अपनी राय बनाएं और असहमति का सम्मान करें। समाज की प्रगति के लिए हमें अंधविश्वास और रूढ़ियों के बजाय वैज्ञानिक सोच, समानता और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाना होगा।”

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल परीक्षा के लिए ज्ञान प्राप्त करने के बजाय समाज को समझने, सवाल उठाने और बेहतर समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए भी तैयार होना चाहिए।

कार्यशाला के आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य किसी व्यक्ति या विचारधारा को थोपना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए खुले संवाद, प्रश्न, तर्क और विचारों के आदान-प्रदान का लोकतांत्रिक मंच तैयार करना है। आयोजकों ने भविष्य में भी कॉलेज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

आज की कार्यशाला में हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति के अध्यक्ष डॉ प्रमोद गोरी, प्रिंसिपल अजय चौहान, सचिव सुरेश कुमार, नरेश कुमार, तर्कशील सोसाइटी के बलजीत सिंह, आत्मा सिंह, जनवादी लेखक संघ हरियाणा के अध्यक्ष जयपाल, कॉलेज के विद्यार्थी और प्रोफेसर उपस्थित रहे ।

मनीष की रिपोर्ट

Comments

Your email address will not be published.

0