जसवीर त्यागी की दो कविताएं

जसवीर त्यागी की दो कविताएं

टूटना

 

झर रही हैं नीम की पत्तियाँ

पत्तियाँ अठखेलियाँ करती हुई
बगैर समझे-विचारे
कूद पड़ती हैं डाल से जमीन पर

हरे-पीले हल्के रंग की
हाथ से बुनी हुई-सी एक चादर
बिछती जा रही है पृथ्वी पर

पत्तियाँ जुदा हो रही हैं पेड़ से
और सुगन्ध पत्तियों से दूर जा रही है

पत्तियाँ हों
हो जीव-जंतु या मनुष्य
टूटता है जो एक बार अपने मूल से

फिर खोया-खोया-सा
भटकता फिरता है दर-बदर

नीम से टूटी हुई
पत्तियों की मानिंद।

नये के लिए जगह

पेड़ के अनंत पत्ते झर गये
झरे पत्तों को देखकर
मन उदास होता है

मुझे उदास देखकर
कहती है माँ-
तुम डाल का सूनापन देखते हो
और उदास होते हो

मैं देखती हूँ
डाल के झरे पत्तों ने
नये पत्तों के लिये जगह बनायी है।

0