घर परिवार
छोटे लम्हे, बड़ी सीख (5)
डॉ रीटा अरोड़ा
1. इंतज़ार का दरवाज़ा
माँ हर शाम दरवाज़े की आहट सुनते ही उठ जाती थीं, चाहे बेटा आए या नहीं।
सीख*: कुछ इंतज़ार कभी खत्म नहीं होते, बस आदत बन जाते हैं।
2. *अधूरी बात*
दादा कुछ कह रहे थे, पोता फोन में व्यस्त था। दादा चुप हो गए-बात अधूरी रह गई।
*सीख:* कभी-कभी हमारी व्यस्तता किसी का दिल तोड़ देती है।
3. *चाय का कप*
पिता रोज़ दो कप चाय बनाते थे, जबकि अब घर में सिर्फ वो अकेले थे।
*सीख:* आदतों में भी अपनों की कमी झलकती है।
4. *पुरानी किताब*
एक किताब के बीच में सूखा फूल मिला। माँ ने कहा-“ये तुम्हारे पापा ने दिया था, जब हम पहली बार मिले थे।”
*सीख:* छोटी-छोटी यादें ही रिश्तों को जिंदा रखती हैं।
5. *देर से आया मैसेज*
माँ ने सुबह “खाना खा लिया?” भेजा, जवाब रात को आया—“हाँ।” माँ तब तक सो चुकी थी।
*सीख:* जवाब जल्दी देना भी रिश्तों की इज़्ज़त है।
6. *पुराना नंबर*
फोन में एक नंबर सालों से सेव था-कॉल कभी नहीं लगती थी, फिर भी डिलीट नहीं किया।
*सीख*: कुछ रिश्ते खत्म नहीं होते, बस चुप हो जाते हैं।
7. *धीमी आवाज़*
पिता धीरे-धीरे बोलने लगे थे, बेटा चिढ़कर बोला-“जोर से बोलो!”
पिता चुप हो गए।
*सीख*: उम्र के साथ आवाज़ नहीं, हमारा धैर्य कम हो जाता है।
8. *अनदेखा त्यौहार*
घर में त्योहार आया, पर सबने बस सोशल मीडिया पर ही शुभकामनाएँ दे दीं। घर में वही पुरानी खामोशी रही।
*सीख:* त्योहार दिलों को जोड़ने के लिए होते हैं, सिर्फ पोस्ट करने के लिए नहीं।
