भारती की दो कविताएँ
अस्तित्व की तलाश
कभी पत्नी, कभी बेटी, तो कभी माँ,
न जाने कितने चेहरों ने उसका अस्तित्व ही बाँट दिया
खो गया रिश्तों के बीच उसका अपना ही व्यक्तित्व
परछाई बनकर नहीं जीना चाहती वह
खुद को हर बार साबित नहीं करना है
शिकायत है उसे पहचान के बंटवारे से
हिस्सा नहीं बनना उसे किसी कहानी का
बनना चाहेगी वह अपने जीवन की स्वयं ही लेखिका
तलाश है उसे अपने अस्तित्व और पहचान की।
अधूरी आजादी
कहने को तो मैं स्वतंत्र हूं,
पर पहरे हैं कई मेरी उड़ान पर आज भी
डिग्रियां तो है हाथों में मेरे
मगर फैसलों पर पहरे हैं आज भी
लिखे तो जाते हैं दीवारों पर बराबरी के नारे
मेरे सपनों पर उठाए जाते हैं कई सवाल भी
मेरी सफलता का जश्न तौला जाता है मेरे चरित्र से
मेरे घर से बाहर निकलने का नाम नहीं आजादी
सवाल मेरी आजादी का नहीं,सोच की बेड़ियों का है
मुझे इजाजत नहीं, अधिकार चाहिए अपने फैसलों पर ।
