डॉ. रीटा अरोड़ा की लघुकथा- एक जरूरी सबक

युवाओं, अब यह स्वतंत्रता की मशाल तुम्हारे हाथों में है। इसे केवल संभालना नहीं, और अधिक उज्ज्वल बनाना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां गर्व से कह सकें - “हमारे पूर्वजों ने हमें आज़ादी दी थी, और हमने उस आज़ादी को सम्मान, एकता और कर्म से जीवित रखा।”

लघुकथा

एक जरूरी सबक

डॉ. रीटा अरोड़ा

“बच्चो, अगर स्कूल की छुट्टी के बाद कोई कहे कि तुम्हारी मम्मी ने उसे तुम्हें लेने भेजा है, तो क्या करोगे?” अध्यापिका ने पूछा।

“उसके साथ घर चले जाएँगे,” रोहन ने कहा।

“और अगर वह झूठ बोल रहा हो?”

“ओह! तब तो पहले मम्मी से पूछना पड़ेगा।”

“मैम, अगर कोई अपना खोया हुआ कुत्ता ढूँढ़ने में मदद माँगे तो?” खुशी ने पूछा।

“उसे किसी बड़े से मदद लेने को कहो।”

“और कोई चॉकलेट देकर अपनी गाड़ी में बैठने को कहे?”

“साफ मना कर दो।”

“मैम, अगर कोई हमारा पीछा करे तो?”

“किसी दुकान या सुरक्षा गार्ड के पास जाकर मदद माँगो।”

“और अगर वह हमारा कोई परिचित हो?”

“बेटा, गलत व्यवहार करने वाला परिचित भी हो सकता है।”

नन्ही परी ने पूछा, “मैम, किसी बड़े को ‘नहीं’ कहना बदतमीजी नहीं है?”

“नहीं बेटा, अपनी सुरक्षा करना तुम्हारा अधिकार है।”

“लेकिन मैम, अगर हम डर के मारे ‘नहीं’ भी न कह पाएँ तो?”

“तब भी तुम्हारी कोई गलती नहीं है। किसी भरोसेमंद बड़े को जरूर बताना।”

“और अगर मम्मी-पापा डाँटें तो?”

“तुम मुझे बता सकती हो।”

“आप मेरी पूरी बात सुनेंगी?”

“हाँ बेटा, बिना डाँटे।”

परी ने धीमी आवाज़ में कहा, “मैम, आज छुट्टी के बाद थोड़ी देर रुकेंगी?”

“क्यों बेटा?”

“आपको कुछ बताना है… कई दिनों से बताना चाहती थी।”

अध्यापिका ने प्यार से उसका हाथ थाम लिया।

छुट्टी की घंटी बज चुकी थी, लेकिन आज एक बच्ची अपनी खामोशी तोड़ने का साहस जुटा रही थी।

~ डॉ. रीटा अरोड़ा, सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर, करनाल

Comments

Your email address will not be published.

0