जसवीर त्यागी की समय-सितार और तीन अन्य कविताएं

जसवीर त्यागी की समय-सितार और तीन अन्य कविताएं

समय-सितार

÷÷÷÷÷÷÷÷

समय
बरसों से घर में रखा कोई साज था

जिसमें मौन के सिवाय
दूसरा स्वर फूटता न था

एक दिन घर में
नवजात शिशु की किलकारी का उदघोष हुआ

समय-साज से
स्वतःनये-नये राग बजने लगें

खामोशी के खंडहर
खुद-बा-खुद चटक-चटक कर गिरने लगें।

■

क्षमा

÷÷÷

जो प्रेम करते हैं
गलती होने पर
क्षमा मांग लेते हैं

इस तरह प्रेम करने वाला
प्रेम और अपने आत्मीय
दोनों को बचा लेता है

जो गलती होने पर भी
क्षमा नहीं माँगते

वे अहम और ज़िद के चलते
अपने आत्म को तो बचा लेते हैं

लेकिन!अपने प्रेम
और आत्मीय को खो देते हैं।

■

बोलना और सुनना

÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷

उन्होंने कहा-
कितना भी बोलो
कोई नहीं सुनता आजकल
सब मनमानी करते हैं

जानता हूँ
कि कोई नहीं सुनता

फिर भी मैं बोलूँगा
चाहे कोई सुने,चाहे ना सुने

कोई पेड़ तो सुनेगा
कोई चिड़िया तो सुनेगी
धरती-आसमान तो सुनेंगे

फिर भी
अगर किसी ने नहीं सुना
तो अंततोगत्वा
समय तो सुनेगा ही।

●

बचाना

÷÷÷÷

गुमशुम पत्नी से
मैंने उदासी का कारण पूछा

वह बोली-
करीपत्ता का पौधा सूख गया है
जब लगाया था
तब हरा-भरा था

पता नहीं
अब क्या हुआ?

मैं बोला-
तो इसमें दुःख की क्या बात है?
दूसरा पौधा ले आयेंगे

उसने कहा-
बात दूसरा नया पौधा लाने की नहीं है
बात तो लाये हुए को बचाने की है।

●

Comments

Your email address will not be published.

0