जसवीर त्यागी की टमाटर और चार अन्य कविताएं

जसवीर त्यागी की टमाटर और चार अन्य कविताएं

टमाटर

÷÷÷÷

सब्जी मंडी में

टमाटर का भाव पूछा

सब्जी वाले ने डेढ़ सौ रुपये किलो बताया

सुनकर

चार अलग-अलग ग्राहकों के मुँह से –

क्या…क्या….? निकला

 

ग्राहकों को अपने कानों पर संदेह हुआ

दोबारा पूछने पर

दुकानदार के बोल कड़वे लगे

 

भैया डेढ़ सौ रुपये के तो

बढ़िया दसहरी आम आयेंगे

उन्हीं को चाव से खायेंगे

 

सब्जी वाला लाल-पीले टमाटरों का मालिक था

तर्क में कमज़ोर न था

 

साहब जाइये

आम खाना तो आम बात है

हिम्मत है तो

टमाटर की तरफ़ आँख उठाकर दिखाइये।

■

खोटा सिक्का

÷÷÷÷÷÷÷÷

 

तुम्हारी नज़र में

मैं एक खोटा सिक्का ही सही

 

जानता हूँ

दुनिया के बाज़ार में

कोई कीमत नहीं मेरी

 

फिर भी

फेंको मत मुझे

 

न होने के एहसास से तो

कुछ होने का एहसास बेहतर है।

 

●

शरद के फूल

÷÷÷÷÷÷÷÷

 

कहीं किसी एकांत में

खिले होंगे शरद के फूल

जिन्हें धरती आसमान के सिवाय

देखने वाला कोई न होगा

 

निर्जन में भी

पूर्ण ऊष्मा

ताजगी और सुगंध से भरे होंगे

शरद के फूल

 

अपने जीवन को

सफल-सार्थक करते हुए

हँसते-हँसते,ख़ुशी-ख़ुशी

 

संसार से विदा हो जाएंगे

एक दिन शरद के फूल।

■

याद-चिट्ठी

÷÷÷÷÷÷

कई बार काम ज्यादा

फुर्सत कम होती है

 

ज्यादा काम

और कम फुर्सत के बीच

उसकी याद आती है

 

ज्यों दूर-दराज के देहात में

बेरोजगार के पास

नौकरी मिलने की

कोई चिट्ठी आती है।

●

अश्रु

÷÷÷

प्याज़ में

परत-दर-परत

अनेक परत होती हैं

 

दुःख में भी

दर-परत-दर

अनेक दुःख होते हैं

प्याज़ और दुःख

दोनों ही

अश्रु निकाल देते हैं।

■

Comments

Your email address will not be published.

0