जसवीर त्यागी की पांच कविताएं
अच्छे लोग
÷÷÷÷÷÷÷
कुछ लोग बहुत अच्छे होते हैं
समय पर अपना काम करते हैं
वे इतने अच्छे होते हैं
समय-पड़ने पर
दूसरों का भी काम तमाम करते हैं
वे प्रातः नहा-धोकर
अपने कर्तव्य-कर्म को निभाने के लिए
निकल पड़ते हैं मानव-कल्याण पथ पर
वे अपने ज़रूरी सामानों में
याद से रखते हैं नीम्बू
जो आलतू-फालतू
और जलालतू संकटों को हरता है
और स्वास्थ्य-वर्धक भी है
वे अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ
समाज के स्वास्थ्य की भी चिन्ता करते हैं
वे जानते हैं
कर्तव्य-मार्ग पर चलने के लिए
स्वस्थ होना ज़रूरी है
नीम्बू के फायदे हैं अनेक
ज़रूरत पड़ने पर
दूध को फाड़ने में भी है मददगार
और पनीर बनाने की विधि में सहायक है
समझदार लोग सब्जी खरीदते समय
नीम्बू खरीदना नहीं भूलते।
मंजिल
÷÷÷÷
अभी-अभी होकर गुजरा हूँ
हरसिंगार की बगल से
एक दिव्य गंध ने
अपने मोहक जादू के पाश में
जकड़ लिया है मुझे
कदम मेरे थम गये हैं
मंजिल का रास्ता भूल गया हूँ
अवाक अविचल खड़ा सोचता हूँ
हरसिंगार से अच्छी मंजिल
भला और क्या होगी?
■
अनेक अर्थ
————–
सुबह-शाम
ज्यों ही दूध का समय होता है
भैंस का लवारा खूँटे पर पैर पटकने लगता है
गले में बंधी रस्सी को
खींचता है अपनी माँ की ओर
दूधिया हाथों में लिए बाल्टी
इत्मीनान से आता है
लवारे को देता है ढील
बैचेनी और भूख से भरा लवारा
लपकता है माँ के थनों की ओर
भैंस चाटती-चूमती है लाडले को
कुछ ही देर में थनों में भर जाता है दूध
दूधिया तुरंत खींचता है लवारे को खूँटे पर
बच्चे को दूर जाता देख
भरे गले से रंभाती है भैंस
माँ और बच्चा देखते हैं
एक-दूसरे को तरस भरी निगाहों से
दूधिया खाली बाल्टी
और महीने की पहली तारीख देखता है
वैसे तो देखना शब्द है एक
लेकिन उसके अर्थ हैं अनेक।
■
लड़की का जीवन
÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷
लड़की रस्सी पर चल रही है
सधे पैरों से आगे बढ़ती है
लड़की के चेहरे पर विश्वास
और देखने वालों की आँखों में आशंका है
दूसरों के लिए
यह एक रोचक खेल है
लड़की के लिए जीवन है।
●
|| सोच ||
हम सोचते हैं
काम से जब फुर्सत मिलेगी
और समय की कोई तंगी न होगी
तब अपनी पसंद की
वे किताबें पढ़ेंगे
जिन्हें बड़ी मशक्कत से
हासिल किया हमने
हम कभी नहीं सोचते
किताबें और समय
क्या सोचते होंगे ?
●
