पंजाब के हर हलके से एक हजार आप समर्थक जाएंगे दिल्ली

  • 31 की पंजाब आप ने सभी विधायकों, प्रधानों की लगाई ड्यूटियां

चंडीगढ़। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा 31 मार्च को दिल्ली में आयोजित की जा रही रोष रैली में पंजाब के हर हलके से कम से कम एक हजार आप समर्थक हिस्सा लेंगे। इस रैली में इंडिया गठबंधन से जुड़े बड़े नेता भी शामिल होंगे। पंजाब आप के प्रधान और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में सभी आप विधायकों और जिला प्रधानों की उक्त रैली के लिए ड्यूटियां लगा दी हैं।

इन्हें रैली से एक दिन पहले ही समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंचने को कह दिया गया है। आगामी लोकसभा चुनाव में आप केजरीवाल की गिरफ्तारी को मुख्य मुद्दे के रूप में जनता के सामने पेश करने वाली है। फिलहाल केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पंजाब और हरियाणा में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली रैली और चुनावी रणनीति के तहत अब तक अपने सभी विधायकों की तीन स्ंयुक्त बैठकें कर चुके हैं। अब तक दिल्ली में किए विरोध प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली पुलिस ने पंजाब के सेहत मंत्री बलबीर सिंह और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस समेत अनेक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था।इस बीच, पंजाब आप के नेताओं ने कहा है कि इस मुद्दे पर अब पार्टी किसी भी स्तर पर पीछे नहीं हटेगी।

दिल्ली रैली में इंडिया गठबंधन के नेताओं के अलावा दिल्ली आप और पंजाब आप के नेता, मंत्री और वर्कर बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे। वहीं राज्य सरकार से मिलकर पंजाब आप अगले दो दिनों में उक्त रैली और आगामी चुनाव बारे अपनी रणनीति पर अंतिम निर्णय ले लेगी।