मॉस्को के कॉन्सर्ट हॉल में आतंकी हमला , 60 से अधिक की मौत; आईएस ने ली जिम्मेदारी

मॉस्को में आतंकवादी हमले में 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। आतंकियों ने विस्फोटक से हॉल में धमाका भी किया, जिससे वहां आग लग गई। हमले के बाद विशेष पुलिस बल ने मोर्चा संभाल लिया है। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है।

रूसी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान तीन से चार बंदूकधारियों ने एक साथ लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू की दी, जिसमें कम से कम 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। हमले में करीब 100 लोग घायल हुए हैं। पुलिस की टीमें लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचा रही हैं। आपातकालीन सेवा मंत्रालय ने कहा कि गोलीबारी के बाद लगभग 100 लोग थिएटर के तहखाने से भागने में सफल रहे, जबकि अन्य लोग छत पर जाकर छुप गए। बयान में कहा गया कि रॉक बैंड के सभी सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

रूसी मीडिया के अनुसार हमलावरों के विस्फोटक के इस्तेमाल के कारण हॉल में धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इमारत से भारी धुआं उठता दिख रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकियों ने सैकड़ों लोगों को बंधक भी बना लिया है।

अमेरिका ने जारी की थी एडवाइजरी
आतंकी हमले के बाद मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर ने कहा कि क्रोकस सिटी हॉल की ओर जा रहे हैं। हमलावरों से निपटने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, मॉस्को में अमेरिकी दूतावास ने कुछ दिनों पहले ही एक एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें अमेरिकी नागरिकों से मॉस्को में सामूहिक समारोहों से बचने के लिए कहा गया था।

इसके बाद रूस में यह हमला हुआ। अमेरिकी दूतावास ने एक बयान में कहा था कि दूतावास उन रिपोर्ट्स की जांच कर रहा है कि चरमपंथियों के पास मॉस्को में संगीत समारोहों सहित बड़ी सभाओं को निशाना बनाने की योजना है। इसलिए अमेरिकी नागरिकों को अगले 48 घंटों में बड़ी सभाओं से बचने की सलाह दी जाती है।

मास्को में होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द

रूस ने गोलीबारी की घटना को आतंकवादी हमला करार दिया है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह एक आतंकवादी हमला है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस घृणित अपराध की निंदा करनी चाहिए।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, भयानक आतंकी हमला

मॉस्को के मेयर ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हमले के बाद मॉस्को में होने वाले सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। रूसी एजेंसियों ने मॉस्को में हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने मॉस्को में हुए आतंकी हमले को भयानक बताया। हालांकि उन्होंने कहा कि इस हमले का यूक्रेन युद्ध से संबंधि होने का तत्काल कोई संकेत नहीं है।