महिला आरक्षण का दावा और पितृसत्ता की जकड़न: पहले अपनी सोच तो बदलो!
ओमप्रकाश तिवारी
महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात सुनने में जितनी प्रगतिशील लगती है, उसके पीछे की राजनीतिक और वैचारिक सोच को भी परखना जरूरी है। महिला आरक्षण केवल सीटों का गणित नहीं है। यह महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने, उनकी स्वतंत्रता स्वीकार करने और समाज में सदियों से कायम पुरुष वर्चस्व को चुनौती देने का सवाल है।
यहीं भाजपा की राजनीति के सामने एक वैचारिक प्रश्न खड़ा होता है। एक तरफ महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का दावा और दूसरी तरफ महिलाओं की स्वतंत्रता, पसंद, पहनावे और जीवनशैली को लेकर परंपरागत नैतिक पहरेदारी। आखिर इन दोनों के बीच सामंजस्य कैसे बनेगा?
भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि दक्षिणपंथी और परंपरावादी रही है। उसकी राजनीति में धर्म, संस्कृति और परंपरा की प्रमुख भूमिका है। इसमें कोई समस्या नहीं कि कोई राजनीतिक दल अपनी सांस्कृतिक मान्यताओं में विश्वास रखे। लेकिन समस्या तब पैदा होती है जब संस्कृति और परंपरा के नाम पर महिलाओं की स्वतंत्रता की सीमाएं तय की जाने लगती हैं। जब महिलाओं के लिए यह निर्धारित किया जाने लगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए, कैसे रहना चाहिए, किससे मिलना चाहिए और किस तरह का जीवन जीना चाहिए।
महिला को देवी मानना और उसे बराबरी का इंसान मानना दो अलग-अलग बातें हैं।
भारतीय समाज में महिलाओं को देवी कहकर सम्मान देने की परंपरा रही है, लेकिन इसी समाज में महिलाओं को संपत्ति, परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर पुरुषों के अधीन रखने की व्यवस्था भी रही है। देवी को मंदिर में प्रतिष्ठित किया जाता है, लेकिन घर की महिला को अक्सर अपनी पसंद और फैसलों के लिए भी दूसरों की अनुमति लेनी पड़ती है। यही पितृसत्ता का सबसे सुविधाजनक रूप है। महिला की पूजा कीजिए, लेकिन उसकी स्वतंत्रता स्वीकार मत कीजिए।
पहनावे से लेकर पसंद तक, पहरेदारी क्यों?
जून 2025 में मध्य प्रदेश के भाजपा नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने महिलाओं के पहनावे को लेकर सार्वजनिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्हें कम कपड़े पहनने वाली लड़कियां पसंद नहीं हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं को अच्छे कपड़े और आभूषण पहनने चाहिए। इससे पहले अप्रैल 2023 में उन्होंने कथित तौर पर छोटे या उनके अनुसार अशोभनीय कपड़े पहनने वाली लड़कियों की तुलना रामायण की शूर्पणखा से की थी।
सवाल यह है कि किसी महिला के कपड़े तय करने का अधिकार किसे है? किसी मंत्री को यह अधिकार कैसे मिल सकता है कि वह महिलाओं के पहनावे को अपनी सांस्कृतिक पसंद की कसौटी पर परखे? किसी को पारंपरिक कपड़े पसंद हैं तो वह उसकी व्यक्तिगत पसंद है। लेकिन उस पसंद को महिलाओं के लिए सामाजिक नियम बना देना पितृसत्तात्मक सोच है। महिला की गरिमा उसके कपड़ों की लंबाई से नहीं, बल्कि उसके अधिकारों और मानवीय सम्मान से तय होती है।
महिलाओं की आजादी से इतनी परेशानी क्यों?
उत्तर प्रदेश में 2017 में योगी आदित्यनाथ सरकार ने एंटी रोमियो स्क्वॉड की शुरुआत की थी। इसका घोषित उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ रोकना था। लेकिन इसके शुरुआती दौर में सार्वजनिक स्थानों पर साथ बैठे युवक-युवतियों को रोकने, पूछताछ करने और नैतिकता का पाठ पढ़ाने जैसी घटनाओं पर सवाल उठे। इंडियन एक्सप्रेस ने भी अपनी रिपोर्ट में इस अभियान के नैतिक पुलिसिंग में बदलने की आशंका जताई थी।
महिलाओं की सुरक्षा जरूरी है, लेकिन सुरक्षा और स्वतंत्रता एक-दूसरे के विरोधी नहीं होने चाहिए। लड़कियों को सुरक्षित रखने के नाम पर उनकी आवाजाही, दोस्ती और व्यक्तिगत संबंधों पर पहरा बैठा देना किस तरह की महिला स्वतंत्रता है? सुरक्षा का सवाल यह होना चाहिए कि अपराध करने वाले पुरुषों पर कार्रवाई कैसे हो, न कि लड़कियां कहां जाएं, किसके साथ जाएं और कितने बजे घर लौटें।
इसी पितृसत्तात्मक मानसिकता के खिलाफ आज की लड़कियां नए अंदाज में आवाज उठा रही हैं।
‘एक कचौड़ी, दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा’ जैसे नारे इसी असंतोष की अभिव्यक्ति हैं। दिल्ली में महिला प्रदर्शनकारियों के बीच ऐसे नारे चर्चा में आए। इन नारों में हास्य जरूर है, लेकिन इनके पीछे महिलाओं की सुरक्षा, स्वतंत्रता और पुरुष वर्चस्व से मुक्ति की गंभीर मांग है।
विडंबना यह है कि ऐसे नारों को लेकर भी महिलाओं को निशाना बनाया जाता है। उनके विरोध के मूल सवालों पर बात करने के बजाय उनके शब्दों और अंदाज पर बहस शुरू हो जाती है। आखिर महिलाएं अपने अनुभव और असुरक्षा को किस भाषा में व्यक्त करेंगी, यह भी पुरुष ही तय करेंगे?
आरक्षण से पहले प्रतिनिधित्व की सोच समझिए
महिला आरक्षण का उद्देश्य केवल संसद में महिलाओं की संख्या बढ़ाना नहीं है। इसका वास्तविक उद्देश्य निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। लेकिन एक दूसरा सवाल भी है। क्या राजनीतिक दल अपनी पार्टी के भीतर महिलाओं को वास्तविक नेतृत्व और निर्णय लेने का अधिकार देते हैं? क्या महिला नेताओं को स्वतंत्र राजनीतिक पहचान मिलती है? क्या वे संगठन में पुरुष नेताओं की कृपा और संरक्षण से बाहर अपनी जगह बना पाती हैं?
यह सवाल केवल भाजपा से नहीं, सभी राजनीतिक दलों से पूछा जाना चाहिए। भारतीय राजनीति में परिवारवाद, पुरुष वर्चस्व और महिलाओं को सीमित भूमिकाओं में रखने की प्रवृत्ति व्यापक है।
महिला आरक्षण कानून 2023 में पारित हुआ, लेकिन उसके क्रियान्वयन को जनगणना के बाद परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ दिया गया। जुलाई 2025 में सरकार ने राज्यसभा में भी स्पष्ट किया था कि संविधान के अनुच्छेद 334A के अनुसार आरक्षण लागू होने के लिए संबंधित जनगणना के आंकड़ों के प्रकाशन के बाद परिसीमन आवश्यक है। इसलिए आरक्षण के राजनीतिक दावे के साथ उसके वास्तविक क्रियान्वयन की समयसीमा और शर्तों पर भी सवाल उठना चाहिए।
असली लड़ाई मानसिकता बदलने की है
यहां एक बात स्पष्ट होनी चाहिए। महिला आरक्षण का समर्थन करना अपने आप में गलत नहीं है और किसी परंपरावादी राजनीतिक दल का आरक्षण का समर्थन करना भी विरोधाभास नहीं है। कोई भी दल अपनी विचारधारा के बावजूद महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने का फैसला कर सकता है। लेकिन आरक्षण के साथ महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और समानता को स्वीकार करना भी जरूरी है।
महिलाओं को केवल इसलिए आरक्षण नहीं चाहिए कि वे महिला हैं। उन्हें इसलिए आरक्षण चाहिए क्योंकि सदियों से चली आ रही सामाजिक और संस्थागत व्यवस्थाओं ने उन्हें सत्ता और निर्णय लेने की प्रक्रिया से बाहर रखा है। उन्हें बराबरी चाहिए, किसी की कृपा नहीं।
भाजपा को भी यह समझना होगा कि महिलाओं को देवी बताकर उनके अधिकारों पर पहरा नहीं लगाया जा सकता। उन्हें संसद में बैठाने की बात करते हुए उनके पहनावे, विचारों, मित्रता और जीवन के फैसलों पर नैतिकता की अदालत नहीं लगाई जा सकती।
महिलाओं को 33 प्रतिशत सीटें देने की बात करना आसान है, लेकिन उन्हें 100 प्रतिशत इंसान मानकर उनके अधिकार स्वीकार करना ज्यादा जरूरी है।
संसद में महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था कीजिए, लेकिन समाज में उनकी आजादी पर आरक्षण मत लगाइए। उन्हें बोलने दीजिए, सवाल पूछने दीजिए, अपनी पसंद से जीने दीजिए।
क्योंकि महिला मुक्ति का अर्थ केवल सत्ता में कुछ सीटें हासिल करना नहीं, बल्कि उस पितृसत्तात्मक व्यवस्था को चुनौती देना है जो सदियों से पुरुष को निर्णायक और महिला को अनुयायी मानती आई है।
महिला आरक्षण का दावा करने वालों से एक सवाल है : महिलाओं को संसद में बराबरी देने से पहले क्या आप उन्हें समाज में बराबरी देने के लिए तैयार हैं?
–
