राहुल गांधी ने कहा, हमारे परिवार ने हमेशा रायबरेली के हित में काम किया 

रायबरेली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को रायबरेली को अपनी मां सोनिया गांधी और दादी (दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी) की कर्मभूमि बताते हुए कहा कि उनके परिवार ने हमेशा इस संसदीय क्षेत्र के हित में काम किया है, इसीलिए वह यहां से चुनाव लड़ने आए हैं।

गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अडाणी और अंबानी के हित में काम करते हैं।

रायबरेली संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार राहुल गांधी ने यहां के महराजगंज स्थित ‘मेला मैदान’ में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित करने के दौरान यह बात कही।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे परिवार ने हमेशा रायबरेली संसदीय क्षेत्र के हित में काम किया है।’’

गांधी ने अपनी छोटी बहन एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र के गुरुबख्शगंज (हरचंदपुर) में आयोजित ‘सेवा संकल्प सभा’ को भी संबोधित किया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अपने नामांकन के बाद निर्वाचन क्षेत्र के महराजगंज में अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि वह इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं क्योंकि उनके परिवार का यहां के लोगों के साथ गहरा संबंध है।

कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि देश के 22-25 शीर्ष उद्योगपतियों के 16 लाख करोड़ रुपये के ऋण माफ कर दिए गए हैं, जो मनरेगा के तहत आवंटित कई वर्षों की धन राशि के बराबर है।

गांधी ने कहा कि उनकी दादी इंदिरा गांधी, उनके पिता राजीव गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी ने रायबरेली में लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम किया है।

गांधी परिवार का गढ़ मानी जाने वाली रायबरेली सीट का प्रतिनिधित्व कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था।

उन्होंने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आता है, तो गरीब परिवारों की एक सूची तैयार की जाएगी और ऐसे प्रत्येक परिवार की एक महिला के बैंक खाते में सालाना एक लाख रुपये या 8,500 रुपये प्रति माह भेजे जाएंगे।

गांधी ने यह भी कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार छोटे किसानों का कर्ज माफ करेगी और उन्हें कानूनी गारंटी वाला न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि रक्षा बलों में अल्पकालिक भर्ती की ‘अग्निवीर योजना’ को समाप्त कर दिया जाएगा और युवाओं को पेंशन प्रावधानों के साथ सशस्त्र बलों में स्थायी नौकरियां प्रदान की जाएंगी।

गांधी ने कहा कि युवाओं को सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों में एक साल की प्रशिक्षुता मिलेगी और बाद में उनकी योग्यता के आधार पर स्थायी सरकारी नौकरियां मिलेंगी।

इसके पहले राहुल गांधी ने अपनी छोटी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा की मौजूदगी में उपस्थित लोगों को एकदम पारिवारिक माहौल में संबोधित करते हुए कहा, ”आप लोग मेरा परिवार हो और रायबरेली से हमारा रिश्ता 100 साल पुराना है। हमारे परदादा पंडित जवाहर लाल नेहरू ने अपना राजनीतिक जीवन रायबरेली में किसानों, मजदूरों के साथ शुरू किया था।”

गांधी ने कुछ समय पहले सोनिया गांधी के साथ हुई बातचीत को साझा करते हुए कहा कि मां वह होती है, जो रास्ता दिखाती है, जो रक्षा करती है।

उन्होंने कहा कि उन्हें उनकी मां के साथ ही इंदिरा गांधी ने भी रास्ता दिखाया और उनकी रक्षा की। उन्होंने कहा कि इसीलिए वह कहते हैं कि उनकी दो माएं हैं।

राहुल गांधी ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा, ”मैं आपसे यह बात इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मेरी दोनों माताओं की यह कर्मभूमि है, इसीलिए रायबरेली से चुनाव लड़ने आया हूं।”

रायबरेली संसदीय क्षेत्र से इंदिरा गांधी 1967 और 1971 में निर्वाचित हुईं लेकिन आपातकाल के बाद 1977 में हुए चुनाव में वह समाजवादी नेता राजनारायण से पराजित हो गयी थीं।

1999 में सोनिया गांधी अमेठी से सांसद निर्वाचित हुईं और फिर 2004, 2009, 2014 और 2019 में भी उन्होंने रायबरेली में लगातार चुनाव जीता।

सोनिया गांधी के चुनाव नहीं लड़ने का फैसला करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी को उम्मीदवार बनाया है।

गांधी ने सभा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा प्रहार करते हुए कहा,‘‘ यह चुनाव इस मायने में अजीब है क्योंकि पहली बार भाजपा और आरएसएस के लोग हमारे संविधान को नष्ट करने में लगे हैं। इनके नेताओं ने कहा है कि अगर हम चुनाव जीते तो संविधान को फाड़ देंगे।”

उन्होंने अपने हाथ में एक किताब लेकर उसे दिखाते हुए कहा कि हिंदुस्तान के कमजोर लोगों को जो भी उनके हक मिले हैं, वे इस किताब (संविधान की प्रति दिखाते हुए) की वजह से मिले हैं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ”इस किताब के बिना जो सरकार होगी वह अडाणी और अंबानी की सरकार होगी। आज जो आपकी थोड़ी भी हिफाजत है, वह खत्म हो जाएगी।”

उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘नरेन्‍द्र मोदी जिन्हें चाहते हैं वो दो-तीन लोग ही सरकार चलाएंगे और जैसे ही संविधान खत्म होगा रोजगार खत्म हो जाएगा। आरक्षण खत्म हो जाएगा और गरीबों के सभी रास्ते बंद हो जाएंगे।’’

गांधी ने मतदाताओं को चेताते हुए कहा ”लड़ाई संविधान बचाने की है, गरीबों की रक्षा करने की है।”

उन्होंने आरोप लगाया ,”नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 साल में 22 अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया है।”

मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने तंज किया ” आपने अंबानी की शादी, 10 करोड़ की घड़ी देखी। ये मीडिया वाले हमारे-आपके नहीं… ये अडाणी-अंबानी और मोदी के हैं।’’

इसके बाद राहुल गांधी ने जिले में तीन अन्य चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

महराजगंज और गुरबक्शगंज की सभाओं में प्रियंका गांधी अपने भाई के साथ थीं, जबकि राहुल ने पिछली दो सभाओं को अकेले संबोधित किया।

बाद में प्रियंका गांधी कांग्रेस उम्मीदवार के एल शर्मा के पक्ष में एक चुनावी सभा में भाग लेने के लिए पड़ोस के अमेठी लोकसभा क्षेत्र में गईं।

राहुल ने एक रैली में कहा कि प्रधानमंत्री दिन में तीन बार अपनी पोशाक बदलते हैं। उन्होंने पूछा, “उन्हें इसके लिए पैसे कहां से मिलते हैं।”

कांग्रेस नेताओं की कई रैलियों में इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस की सहयोगी समाजवादी पार्टी की जिला इकाई के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

शादी के सवाल पर बोले राहुल, अब जल्दी करनी पड़ेगी

रायबरेली में लोकसभा सीट से नामांकन करने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहली बार एक रैली को संबोधित कर रहे थे तो उन्हें इस सवाल का सामना करना पड़ा कि वह शादी कब कर रहे हैं। इसके जवाब में अगले महीने 54 साल की उम्र पूरी करने जा रहे राहुल ने कहा, ‘‘अब जल्‍द करनी पड़ेगी।’’

रायबरेली संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार राहुल गांधी यहां के महराजगंज स्थित ‘मेला मैदान’ में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।

गांधी ने सभा में अपने संबोधन के समापन के समय अपनी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा को मंच पर बुलाया और उनके कंधे पर हाथ रखते हुए रायबरेली में चुनाव प्रचार के लिए उनकी सराहना की।

गांधी ने कहा, ‘‘देशभर में मैं दौरा कर रहा हूं और मेरी बहन यहां संभाले हुए है, इसके लिए धन्‍यवाद।’’

इस दौरान प्रियंका गांधी ने सामने की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘पहले इस सवाल का जवाब दो।’’ सामने उपस्थित लोगों में से किसी व्यक्ति ने सवाल किया था कि आप शादी कब कर रहे हैं।

इसके जवाब में राहुल ने कहा, ‘‘अब जल्‍दी ही करनी पड़ेगी।’’