हिमाचल में बस की छत पर गिरा भूस्खलन का मलबा, 18 की मौत
राष्ट्रपति, पीएम, सीएम ने जताया शोक, उप-मुख्यमंत्री हादसा स्थल के लिए रवाना
बिलासपुर/शिमला। मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक चलती निजी बस के ऊपर भूस्खलन का मलबा गिरने से बस में सवार 18 लोगों की मौत हो गई। बस हादसे की सूचना मिलने के बाद उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री कुल्लू दशहरा के कार्यक्रम को छोड़ हादसा स्थल के लिए रवाना हो गए।
यह निजी बस बिलासपुर में मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। शुक्र खड्ड के किनारे बरठीं में भल्लू पुल के पास पहाड़ी से भूस्खलन का मलबा गिर गया। मलबा गिरने से बस की छत उड़कर खड्ड के किनारे जा पहुंची। वहीं सारा मलबा बस पर आ गया। घटना करीब साढ़े छह बजे हुई है। बस में मरोतन बरठीं, घुमारवीं और बीच के स्टेशनों के लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि बस में 35 के करीब सवारियां थी। चालक और परिचालक की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया जाए और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मज़बूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री निरंतर मुख्यमंत्री शिमला से पूरे हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख
एक्स पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिखा, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में हुई दुर्घटना में जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।