समाजिक बदलाव
बदलते समय में… रिश्तों का बदलता गणित
डॉ. रीटा अरोड़ा
(घर में सन्नाटा है। बेटा, बहू और बेटी अलग-अलग शहरों में नौकरी करते हैं। बेटी वीडियो कॉल पर आती है, मुस्कुराने की कोशिश करती है)
बेटी: “मम्मी, कैसी हो… ….आपकी दवा का ऑनलाइन ऑर्डर कर दिया है, बिजली का बिल भी भर दिया… और ये देखो, कल रात हम सबने साथ वीडियो कॉल पर खाना खाया था।”
पिता (थोड़ा नरम होकर): “पर बेटा, वो साथ बैठने वाली बात… वो एक थाली, एक वक्त…”
(तभी बेटा भी कॉल पर जुड़ता है, ऑफिस की थकान चेहरे पर साफ दिखती है)
बेटा: “पापा, सुबह से रात तक काम रहता है… छुट्टी भी मुश्किल से मिलती है। कोशिश तो करते हैं… बस वक्त हाथ से फिसल जाता है।”
(बहू भी स्क्रीन पर आती है, पीछे लैपटॉप खुला हुआ है)
बहू: “मम्मी जी, यहां सब कुछ संभालते-संभालते कभी खुद के लिए भी समय नहीं बचता ।”
(मां की आंखें नम हो जाती हैं, वो स्क्रीन को हल्के से छूती हैं)
मां: “हमें लगता है तुम सब दूर हो गए हो…”
(कुछ पल की खामोशी के बाद, बेटी धीरे से कहती है)
बेटी: “दूर नहीं हुए हम मम्मी… बस पास रहने का तरीका बदल गया है।”
आज के दौर में हर घर में एक अनकही खींचतान चल रही है-एक तरफ माता-पिता की अपेक्षाएँ तो दूसरी तरफ बच्चों के अपने संघर्ष और समायोजन। अक्सर बड़े यह मान लेते हैं कि “बच्चे बदल गए हैं”, लेकिन यह समझना भूल जाते हैं कि उन्होंने भी अपने जीवन में कितने समझौते किए हैं।
आज की पीढ़ी पहले की तुलना में कहीं अधिक दबाव में जी रही है। बढ़ती प्रतिस्पर्धा, नौकरी की अस्थिरता, लंबे काम के घंटे और महंगाई ने उनके जीवन को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। वे सुबह से रात तक काम करते हैं, कई बार अपने शौक, आराम और यहां तक कि स्वास्थ्य से भी समझौता करते हैं – सिर्फ इसलिए कि परिवार की जिम्मेदारियाँ निभा सकें।
इसके बावजूद, हमारी अपेक्षाएँ अक्सर वही रहती हैं – समय भी दें, परंपराएँ भी निभाएँ, हर रिश्ते को पहले जैसा निभाएँ। लेकिन यह समझना जरूरी है कि समय बदल चुका है। आज का जीवन पहले जितना सरल नहीं रहा।
बच्चे भी अपने तरीके से रिश्तों को निभाने की कोशिश करते हैं – कभी समय निकालकर, कभी आर्थिक सहयोग देकर, तो कभी छोटी-छोटी खुशियों के जरिए। उनका तरीका अलग हो सकता है, लेकिन भावना वही रहती है।
समस्या तब पैदा होती है जब हम केवल अपनी अपेक्षाओं को सही मान लेते हैं और उनके प्रयासों को अनदेखा कर देते हैं। तर्क वहीं से कभी-कभी तकरार बन जाते हैं।
असल में, न तो केवल हमारी अपेक्षाएँ गलत हैं और न ही बच्चों का बदला हुआ व्यवहार। जरूरत है संतुलन और समझ की। अगर हम उनकी परिस्थितियों को समझें और वे हमारी भावनाओं का सम्मान करें, तो रिश्तों में सहजता बनी रह सकती है।
आखिरकार, रिश्ते अधिकार से नहीं, आपसी समझ और छोटे-छोटे समायोजन से चलते हैं। बदलते समय में रिश्तों का यह नया गणित हमें यही सिखाता है कि सही या गलत से ज्यादा जरूरी है-एक-दूसरे को समझना और साथ निभाना।
