कांग्रेस विधायक के सवाल पर सरकार ने जारी की रिपोर्ट
केंद्र सरकार के नियमानुसार होंगी नई भर्तियां
चंडीगढ़। हरियाणा में चल रहे आंगनवाड़ी केंद्रों में इस समय कर्मचारियों के सैकड़ो पद रिक्त पड़े हुए हैं। राज्य सरकार केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार इन पदों को भरने के लिए नियमावली को तैयार कर रही है।
मंगलवार को विधानसभा में कांग्रेस विधायक पूजा ने यह मुद्दा उठाते हुए सरकार से आंगनवाड़ी केंद्रों में हेल्पर, वर्करों तथा सुपरवाइजरों के रिक्त पदों के बारे में जानकारी मांगी। इसके जवाब में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि प्रदेश में इस समय आंगनवाड़ी वर्कर के 25 हजार 962 स्वीकृत पद हैं। इनमें से 23 हजार 413 पद भरे हुए तथा 2549 पद रिक्त हैं। आंनगवाड़ी हेल्पर के 25 हजार 450 पद स्वीकृत हैं। जिसकी एवज में 21011 पद भरे हुए हैं तथा 4439 पद रिक्त हैं। सुपरवाइजन के लिए 1016 पद स्वीकृत हैं। इनमें 898 भरे हुए तथा 118 पद रिक्त हैं।
सरकार के अनुसार इन पदों को भरने के लिए केंद्र के निर्देशानुसार नियम तय किए जा रहे हैं। यह नियम बहुत जल्द फ्रेम हो जाएंगे। इसी वर्ष के दौरान आंनगवाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों को भर लिया जाएगा। सरकार के अनुसार सुपरवाइजरों के रिक्त पदों को भरने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को मांग भेजी जा चुकी है।
सोनीपत में सर्वाधिक पद रिक्त
हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में चल रहे आंगनवाड़ी केंद्रों के संबंध में मंगलवार को जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार राज्य के सोनीपत जिले में सबसे अधिक आंगनवाड़ी वर्करों के 225 पद तथा आंगनवाड़ी हेल्परों के 360 पद रिक्त हैं।
जिला का नाम रिक्त आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर
अंबाला 129 225
भिवानी 119 195
दादरी 058 105
फरीदाबाद 083 183
फतेहाबाद 106 169
गुड़गांव 090 136
हिसार 127 248
जींद 130 265
झज्जर 157 213
कैथल 071 255
कुरुक्षेत्र 067 160
करनाल 124 235
मेवात 150 170
नारनौल 124 217
पंचकूला 056 106
पानीपत 052 128
पलवल 129 205
रोहतक 151 189
रेवाड़ी 123 256
सिरसा 175 255
सोनीपत 225 360
यमुनानगर 103 164