मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग
विपक्ष ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर महाराष्ट्र सरकार को घेरा
मुंबई। विपक्षी दलों ने रविवार को मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना को लेकर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि शहर तथा राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है।
कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मुंबई में अराजकता का माहौल दिखाई दे रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। फडणवीस के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है।
सावंत ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या, अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हुई गोलीबारी और अभिनेताओं तथा फिल्म निर्माताओं को मिल रही धमकियों का जिक्र करते हुए असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि स्थिति इस हद तक बिगड़ गई है कि पहले महाराष्ट्र की तुलना बिहार से करने वाले लोग अब कह रहे हैं कि बिहार भी इससे बेहतर है।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में बंदूकधारियों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की। हालांकि, अभिनेता को कोई चोट नहीं आयी। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में उनका चालक और एक ऑटोरिक्शा चालक घायल हो गए।
कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने महाराष्ट्र के लिए अलग गृह मंत्री नियुक्त करने की मांग की और मौजूदा स्थिति के लिए फडणवीस को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने एक वीडियो जारी कर पूछा, ‘‘क्या मुंबई में कानून-व्यवस्था बची है? क्या पुलिस का पहले जैसा रुतबा और सम्मान रह गया है? क्या अपराधी पुलिस से डरते हैं?’’
लोकसभा सदस्य गायकवाड़ ने कहा कि कांग्रेस लगातार महाराष्ट्र के लिए अलग गृह मंत्री नियुक्त करने की मांग करती रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर अभिनेता और नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा के बारे में क्या कहा जाए?’’
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि यह घटना ठाणे में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता प्रदीप पूर्णेकर की हाल में हुई हत्या के कुछ दिन बाद सामने आई है।
पवार ने कहा कि अभिनेता की कार पर गोलीबारी की घटना चिंताजनक है, हालांकि अभिनेता सुरक्षित बच गए।
उन्होंने मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश की आर्थिक राजधानी में इस तरह की वारदातों से निवेशकों का भरोसा कमजोर हो सकता है।
पवार ने कहा कि यदि स्थिति संभालना मुश्किल हो गया है, तो गृह विभाग की जिम्मेदारी किसी ‘‘काबिल मंत्री’’ को सौंप दी जानी चाहिए।
एक अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी की घटना पश्चिमी उपनगर में जुहू पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र के तहत पुष्पा पार्क के पास हुई। उन्होंने कहा कि घटना से पहले और उसके दौरान हुए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘श्रॉफ सुरक्षित हैं और गोलीबारी की घटना में उन्हें कोई चोट नहीं आई है।’’
