पंजाब में दर्दनाक हादसा : फिरोजपुर में बोलेरो पिकअप और कैंटर के बीच भीषण टक्कर, 11 की मौत-4 गंभीर घायल

फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर में एक बोलेरो पिकअप और कैंटर की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि, 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा सुबह फिरोजपुर के गांव मोहन के उताड़ के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त पिकअप में करीब 15 से ज्यादा लोग सवार थे।

घायलों को राहगीरों और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह दुर्घटना फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद फिरोजपुर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया है कि सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें पहुंच गई थीं। सभी घायलों अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस ने बताया है कि बोलेरो पिकअप में मजदूर सवार थे। वे फिरोजपुर से देहात एरिया की ओर जा रहे थे। इस दौरान पिकअप बेकाबू हो गई, जिससे पीछे से आ रहे कैंटर के साथ हादसा हो गया। 8 लोगों को अस्पताल ले जाते ही रास्ते में ही मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं, कुछ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने बताया है कि बोलेरो पिकअप में सवार सभी लोग शादियों में वेटर का काम करने के लिए जाते थे। गांव सूफेवाला के करीब 10 युवक आज वेटर के काम के लिए उक्त पिकअप में सवार थे। हादसे का पता चलते ही जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा वह घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पंजाब सरकार मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता और घायलों का इलाज करवाएगी: फौजा सिंह सरारी

विधानसभा क्षेत्र गुरुहरसहाय के विधायक स फौजा सिंह सरारी ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार मृतकों के परिवारों और घायलों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस हादसे में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी और घायलों का संपूर्ण इलाज करवाया जाएगा।

विधायक स फौजा सिंह सरारी और डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने सिविल अस्पताल, फिरोजपुर का दौरा कर घायलों का हाल जाना और उनके समुचित इलाज का आश्वासन दिया।