किर्गिस्तान : दूसरे सबसे बड़े शहर से लेनिन की प्रतिमा को हटाया गया
मध्य एशियाई देश में इसे सोवियत नेता की सबसे ऊंची प्रतिमा माना जाता था
लंदन। किर्गिस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर ओश में अधिकारियों ने सोवियत क्रांति के नेता व्लादिमीर लेनिन की विशाल प्रतिमा को हटा दिया है। इस मध्य एशियाई देश में इसे सोवियत नेता की सबसे ऊंची प्रतिमा माना जाता था।
लेनिन की 23 मीटर ऊंची प्रतिमा को वर्ष 1975 में स्थापित किया गया था। उस समय किर्गिस्तान सोवियत संघ का हिस्सा था। प्रतिमा हटाने की तस्वीरें शनिवार को इंटरनेट पर प्रसारित हुईं। तस्वीरों में एक क्रेन प्रतिमा को मंच से नीचे उतारकर जमीन पर रखती दिखती है।
पूर्व सोवियत संघ का हिस्सा रहे कई देशों ने अपनी राष्ट्रीय पहचान को नया आकार देने के प्रयासों के तहत रूस के साथ अपने संबंधों के प्रतीक चिह्नों को हटाने का प्रयास किया है। स्मारक को बिना किसी शोरशराबे के ओश के अधिकारियों ने हटाया और इसे नगर नियोजन की नियमित कार्रवाई बताया।