हरियाणा ज्ञान-विज्ञान समिति कुरुक्षेत्र का जिला सम्मेलन, तरसेम अध्यक्ष, नरेश सचिव बने
-
हमारी नागरिक पहचान कैसे बने? इसका वैज्ञानिक आधार पर विश्लेषण व समाधान की जरूरतः प्रमोद गौरी
रविवार 5 अप्रैल 2026 को हरियाणा ज्ञान-विज्ञान समिति जिला कमेटी का चुनाव राज्य अध्यक्ष प्रो. प्रमोद गौरी की देखरेख में सम्पन्न हुआ। मा. तरसेम सिंह को जिलाध्यक्ष, नरेश कुमार को जिला सचिव, प्रो. मीनाक्षी को कोषाध्यक्ष, राजू ( राजबीर) व पूजा को उपाध्यक्ष, मा. रणधीर को सह सचिव चुना गया। मा. दयानंद, बलजीत कुन्डू, ईश्वर चन्द, प्रो. डा. महावीर जागलान, सुनील कुमार, मनजीत कौर, मा. सुदर्शन, रामेश्वर, राजविंदर चंदी, मनजीत खान, रामफल, राजपाल पांचाल व अनिल कुमार जिला कमेटी के सदस्य चुने गये।

प्रो. महावीर जागलान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए जिला सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए राज्याध्यक्ष प्रो. प्रमोद गौरी ने कहा कि देश के सामने शिक्षा, स्वास्थ्य, समानता, शान्ति और विकास के मुद्दे आज भी गम्भीर बने हुए है। लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सचेत नागरिक समाज का निर्माण करना होगा।
पूर्व नवजागरण के दौर में राजा राम मोहन राय, ईश्वर चन्द्र विद्यासागर, सावित्री बाई फूले, ज्योतिबा फूले जैसे समाज सुधारक शिक्षा को जीवन के मसलों में ले आये। देश में चलाये गए साक्षरता अभियान के माध्यम से एक बार फिर उसी प्रकार के नवजागरण की एक झलक दिखाई देती है। आज के समय में महिलाओं, वंचितों और युवाओं पर भारी दबाव है। जात-गोत्र में फसे हुए है।
एक बड़ा सवाल है कि हमारी नागरिक पहचान कैसे बने? इसका वैज्ञानिक आधार पर विश्लेषण व समाधान करने की आवश्यकता है। सत्ताधारी ताकतों के द्वारा विज्ञान को पिछे धकेला जा रहा है। समाज की मानसिकता वैज्ञानिक व तर्कशील होनी चाहिए। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता व मजबूत लोकतंत्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा ज्ञान-विज्ञान समिति, बराबरी व सम्मान पर आधारित सचेत नागरिक समाज का निर्माण करना चाहती है।
समिति का राज्य सम्मेसन 11 से 13 तक करनाल में
समिति का राज्य सम्मेलन 11 से 13 अप्रैल 2026 को करनाल में सम्पन्न होगा। सम्मेलन के पहले दिन 11 अप्रैल के खुले सत्र में सभी को आमंत्रित किया गया, जिसको प्रसिद्ध वैज्ञानिक डा. सत्यजीत रथ विशेष तौर पर सम्बोधित करेंगे। राज्य सम्मेलन के लिए प्रतिनिधी मण्डल का चुनाव भी किया गया।
जिला सम्मेलन में पहुंचने वाले व सहयोग तथा समर्थन करने वाले सभी साथियों का दिल की गहराई से धन्यवाद किया जाता है और भविष्य में भरपूर सहयोग की अपेक्षा रहेगी।
रिपोर्ट तरसेम सिंह, नरेश कुमार
