युवाओं के बीच बदलती सोच और विवाह: एक गहरी उलझन

युवाओं के बीच बदलती सोच और विवाह: एक गहरी उलझन

डॉ रीटा अरोड़ा

आज के समय में अक्सर माता-पिता चिंता जताते हैं-“आखिर आजकल के बच्चों को क्या हो गया है, वे शादी से दूर क्यों भाग रहे हैं?” यह सवाल केवल चिंता नहीं, बल्कि एक गहरी उलझन को भी दर्शाता है। लेकिन इसका उत्तर असहमति में नहीं, बल्कि बदलते समाज को समझने में छिपा है। सच यह है कि आज के युवा गलत नहीं हैं, बल्कि समय के साथ बदलती परिस्थितियों के अनुसार सोच रहे हैं।

युवाओं के मन में विवाह को लेकर सबसे बड़ा कारण है-रिश्तों के असफल होने का डर। वे अपने आसपास टूटते रिश्ते, तलाक और तनावपूर्ण विवाह देख रहे हैं। ऐसे में वे बिना सही सामंजस्य के किसी रिश्ते में बंधना नहीं चाहते। वे समझौते के बजाय आपसी सहयोग, सम्मान और समानता को प्राथमिकता देते हैं। उनके लिए विवाह अब एक परंपरा भर नहीं, बल्कि सोच-समझकर लिया गया जीवन निर्णय है।

आज एक और बड़ा बदलाव यह है कि लड़के और लड़कियां समान अवसरों के साथ बड़े हो रहे हैं। दोनों ही शिक्षित, आत्मनिर्भर और करियर के प्रति सजग हैं। ऐसे में यह प्रश्न स्वाभाविक है कि जब दोनों बराबर हैं, तो समझौता कौन करेगा? आज के रिश्तों में एकतरफा त्याग नहीं, बल्कि दोनों पक्षों से सहयोग और समझ की आवश्यकता है।

समाज की चुनौती यह है कि वह अब भी विवाह को पारंपरिक नजरिए से देखता है, जबकि युवाओं की सोच और परवरिश बदल चुकी है। माता-पिता और बच्चों के बीच 25–30 वर्षों का अंतर केवल उम्र का नहीं, बल्कि समय, तकनीक, महत्वाकांक्षाओं, करियर के अवसरों और स्वतंत्रता का अंतर है। आज का युवा अधिक आत्मनिर्भर और बौद्धिक रूप से स्वतंत्र है, जबकि माता-पिता अक्सर उन्हें अब भी केवल “अपने बच्चे” के रूप में देखते हैं।

यही पीढ़ीगत अंतर दूरी और भ्रम पैदा करता है। माता-पिता की चिंता स्वाभाविक है, लेकिन बदलते परिवेश को स्वीकार करना भी उतना ही आवश्यक है। संवाद और समझ ही इस अंतर को कम कर सकते हैं।जब परवरिश बदल चुकी है, अवसर समान हो चुके हैं तो क्या विवाह की सोच भी नहीं बदलनी चाहिए? इस सवाल का उत्तर ही हमारे समाज की दिशा तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *