लोकसभा चुनाव : आम आदमी पार्टी की पंजाब की आठ उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित, पांच कैबिनेट मंत्रियों और एक पंजाबी अभिनेता को उतारा मैदान में

चंडीगढ़।आम आदमी पार्टी (आप) ने वीरवार को लोकसभा चुनाव के लिए पंजाब में आठ उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित की। पार्टी ने पांच कैबिनेट मंत्रियों को मैदान में उतारा है।

आम आदमी पार्टी द्वारा सूची के मुताबिक, पंजाब के कैबिनेट मंत्रियों – कुलदीप सिंह धालीवाल को अमृतसर, लालजीत सिंह भुल्लर को खडूर साहिब, गुरुमीत सिंह खुदियां को बठिंडा , गुरुमीत सिंह मीत को संगरूर से और बलबीर सिंह को पटियाला लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया है।

जालंधर से सांसद सुशील रिंकू एक बार फिर इसी सीट से उम्मीदवार बनाए गए हैं।

पार्टी ने गुरप्रीत सिंह जीपी को फतेहगढ़ साहिब लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। बस्सी पठाना सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक सिंह हाल में आप में शामिल हुए थे।

आप ने पंजाबी अभिनेता करमजीत अनमोल को फरीदकोट लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है।