जलेस हरियाणा आगामी समय में राज्य में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगा

 

जलेस हरियाणा आगामी समय में राज्य में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगा

राज्य कमेटी की बैठक में संगठनात्मक और संरचनात्मक कार्यक्रमों का किया ऐलान

जनवादी लेखक संघ, हरियाणा की राज्य कमेटी की बैठक 1 मार्च 2026 को हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति कार्यालय, रोहतक में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य अध्यक्ष जयपाल ने की तथा संचालन सरदानन्द राजली ने किया।

जलेस हरियाणा के सचिव सरदानंद राजली ने बताया कि बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर गंभीर चर्चा की गई। संगठन विस्तार, सक्रियता बढ़ाने तथा जनवादी मूल्यों के व्यापक प्रसार हेतु निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए वे इस प्रकार हैं।

मार्च माह में जिला-वार सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। 21 मार्च को विश्व कविता दिवस पर जींद में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मनजीत राठी की पुस्तक पर चर्चा की जाएगी।केंद्रीय नेतृत्व से बजरंग बिहारी तिवारी मुख्य वक्ता रहेंगे।

अप्रैल महीने में 11–13 अप्रैल तक करनाल में हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति का राज्य सम्मेलन आयोजित होगा। ओपन सेशन में जलेस के सभी साथियों से सहभागिता का आह्वान किया गया। जलेस राज्य सचिव मंडल के सदस्य डेलिगेट्स के रूप में तीनों दिन उपस्थित रहेंगे।

12 अप्रैल को जलेस राष्ट्रीय परिषद की बैठक लखनऊ में आयोजित होगी। परिषद के सदस्यों से उसमें शामिल होने को सुनिश्चित करने के लिए टिकट का आरक्षण कराने की अपील की गई। 26 अप्रैल को कुरुक्षेत्र स्थित डॉ. ओमप्रकाश ग्रेवाल संस्थान में वैचारिक सेमिनार का आयोजन होगा। इसमें जलेस परिप्रेक्ष्य (Perspective), वर्तमान समय और लेखकीय दायित्व पर सेमिनार होगा। वक्ता जनवादी लेखक संघ के केंद्रीय नेतृत्व से तय किए जाएंगे।

इसके अलावा बैठक में जनवादी लेखक संघ हरियाणा की जिला कमेटियों की बैठकों की तारीख भी सुनिश्चित कर दी गई। इसके तहत 14 मार्च को करनाल,15 मार्च को  अम्बाला,26 मार्च को फतेहाबाद जिला कमेटियों की बैठक होगी। इसके अलावा जींद, कुरुक्षेत्र, हिसार एवं कैथल की बैठकों की तिथि शीघ्र निर्धारित कर सूचित की जाएगी।

इसके साथ ही बैठक में युवा रचनाकार अभियान के तहत जिला स्तर पर नवोदित युवा रचनाकारों को चिन्हित कर काव्य गोष्ठियों में उनकी रचनाएँ सुनी जाएंगी।तत्पश्चात राज्य स्तरीय दो दिवसीय वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। चयनित रचनाओं का संकलन प्रकाशित करने का प्रयास किया जाएगा।

19 अप्रैल को जलेस जिला कमेटी रोहतक द्वारा 15–20 युवा रचनाकारों की रचनाएँ सुनकर समीक्षा एवं मार्गदर्शन किया जाएगा। साथ ही जलेस का परिचय सत्र भी आयोजित होगा।

उपरोक्त कार्यक्रमों के पश्चात मई माह तक जनवादी लेखक संघ, हरियाणा की विस्तृत राज्य बैठक आयोजित कर आगामी छह माह की कार्ययोजना निर्धारित की जाएगी। राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बाद एक आनलाइन मीटिंग आयोजित की जाएगी।

बैठक में जयपाल, सरदानन्द राजली, डॉ. रणबीर सिंह दहिया, अनुपम शर्मा, प्रमोद गौरी, विनोद सिल्ला, मनजीत राठी, मनीषा, दीपक वोहरा, राजेश दलाल, प्रीति सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *