- धनखड़ ने हरियाणा के गौरवशाली इतिहास व विकासात्मक पहलुओं की सराहना की
- राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का उप राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया उद्घाटन व अवलोकन
चंडीगढ़। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि हरियाणा गौरवशाली इतिहास के साथ विकासात्मक स्वरूप का प्रत्यक्ष उदाहरण है। जहां गीता की जन्मस्थली पूरे विश्व में ज्ञान का प्रकाश दे रही है, वहीं हरियाणा सरकार की विकासात्मक उपलब्धि देश के अग्रणी राज्यों में हरियाणा को अतुलनीय पहचान दे रही है।
उपराष्ट्रपति रविवार को कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के उपरांत अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
इस दौरान धनखड़ व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में राज्यस्तरीय प्रगतिशील हरियाणा प्रदर्शनी का उदघाटन एवं अवलोकन किया। उन्होंने जनसंपर्क विभाग हरियाणा द्वारा तैयार राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में हरियाणा सरकार की 9 साल की उपलब्धियों को विस्तार से देखा और कहानी, अभिलेख व तस्वीरों की जुबानी की प्रदर्शनी को देखते हुए मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना की। इस प्रदर्शनी में उप राष्ट्रपति ने हरियाणा सरकार की विभागीय विकासात्मक उपलब्धियों व जनसेवा को समर्पित विकास योजनाओं को लेकर लगाई गई स्टॉल का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के गौरवमयी इतिहास के साथ ही 9 साल में बदलते हरियाणा के विकासात्मक पहलुओं को दर्शाती प्रदर्शनी में उप राष्ट्रपति को अन्य विकासोन्मुखी रूपरेखा से अवगत कराया।
इस मौके पर राज्यमंत्री संदीप सिंह, सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, पूर्व विधायक डॉ पवन सैनी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव, उपायुक्त शांतनु शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।