संयुक्त किसान मोर्चा, हिसार
लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए हिसार जिले में ‘जन मार्च’ 26 जनवरी को
- दोपहर 11:30 बजे से 1:00 बजे तक ‘जन मार्च’ के रूप में विरोध कार्यक्रम बरवाला, आदमपुर और लघु सचिवालय,हिसार में आयोजित किए जाएंगे
हिसार। संयुक्त किसान मोर्चा, हिसार की बैठक लघु सचिवालय, हिसार गेट के सामने धरना स्थल पर आयोजित हुई। बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य एजेंडा 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के अवसर पर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा हेतु आयोजित किए जाने वाले ‘जन मार्च’ को लेकर विचार-विमर्श करना और हिसार की रणनीति तय करना रहा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार किसान नेताओं, किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को डराने के लिए तानाशाही फरमान जारी कर रही है। गिरफ्तारी के नोटिस निकालकर लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की जा रही है। संयुक्त किसान मोर्चा, हिसार इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा।
एसकेएम राज्य नेतृत्व के आवाह्न पर आधिकारिक गणतंत्र दिवस परेड को प्रभावित किए बिना दोपहर 11:30 बजे से 1:00 बजे तक ‘जन मार्च’ के रूप में विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मजदूरों, कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संगठनों के साथ समन्वय करते हुए हिसार जिले में तीन स्थानों बरवाला, आदमपुर और हिसार लघु सचिवालय गेट के सामने—ट्रैक्टर परेड, वाहन रैलियाँ, मोटरसाइकिल रैलियाँ तथा विशाल प्रदर्शन एवं सभाएँ आयोजित की जाएंगी।
साथ ही गांव-गांव में सड़कों के किनारे तिरंगे झंडे और किसान यूनियन के झंडे लगाकर 26 जनवरी को लोकतांत्रिक तरीके से मनाया जाएगा और संविधान तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया जाएगा।
मीटिंग में करतार सिवाच,शमशेर सिंह नंबरदार,राजीव मलिक, ईश्वर वर्मा, सोमवीर पिलानिया,सुधीर सिंघवा,सरदानन्द राजली,दिनेश सिवाच,अनिल कुमार,अभिराम फौजी,नसीब सातरोड, वजीर बल्हारा,बलराज मलिक, कृष्ण गावड़,मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।
